Breaking News

UP में किसानों को कर्जमाफी के नाम पर छला गया, अब अपमान भी किया जा रहा है: प्रियंका

लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस पार्टी की हार के बाद से कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ट्विटर पर बहुत सक्रिय हो गई है। उन्होंने एक बार फिर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका ने बुधवार को आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में किसानों को पहले कर्जमाफी के नाम पर छला गया और अब उनका अपमान भी किया जा रहा है।

प्रियंका ने एक खबर साझा करते हुए ट्वीट कर लिखा, ‘उत्तर प्रदेश भाजपा ने किसान हित की बात केवल विज्ञापन और बिलबोर्ड तक सीमित कर रखी है।’ उन्होंने दावा किया, ‘किसानों को उनके पैसे का भुगतान नहीं हो रहा। बिजली ढंग से आती नहीं मगर उनके बिजली के बिल बढ़ा दिए गए। कर्जमाफी के नाम पर छला गया। उनका अपमान भी किया जा रहा है।’

प्रियंका ने जो खबर साझा की, उसके मुताबिक सहारनपुर जिले में बिजली विभाग और पुलिस के उत्पीड़न से परेशान एक किसान के बेटे ने पिछले दिनों जहर खाकर कथित रूप से खुदकुशी कर ली थी। इसके विरोध में किसानों ने सड़क जाम कर दी।

इससे पहले भी प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया था कि प्रदेश सरकार के बस में नहीं रहा कि वो महिलाओं, बच्चियों, छात्राओं के खिलाफ हो रहे अपराधों को रोक सके। उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर कहा कि प्रदेश सरकार का अपराध पर कोई नियंत्रण नहीं है।

प्रियंका ने मंगलवार को ट्वीट किया था, “आप उत्तर प्रदेश भाजपा सरकार के दावों और उनकी हकीकत का मिलान करके देखिए। भाजपा सरकार हर रोज राज्य अपराधमुक्त करने का ढोल पीट रही है, जबकि सच्चाई यह है कि 22 दिनों में 12 गोलीकांड, 4 हत्याएं, और महिलाओं पर अत्याचार। प्रदेश सरकार का अपराध पर कोई काबू नहीं है।”

About Aditya Jaiswal

Check Also

कॉलोनाइजर ने सिंचाई विभाग की टीम को बनाया बंधक, जूतों से पीटा; अवैध पुलिया ढहाने के दौरान वारदात

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में रजवाहा पर अवैध पुलिया ढहाने गए सिंचाई विभाग के ...