Breaking News

एशियाड में भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम का सफर समाप्त, सऊदी अरब ने 2-0 से हराया

हांगझोऊ एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम का सफर समाप्त हो गया है। प्री-क्वार्टर फाइनल यानी राउंड ऑफ-16 के मैच में सऊदी अरब ने भारत को 2-0 से हरा दिया। सऊदी अरब के लिए मोहम्मद खलील मार्रान ने दोनों गोल दागे।
इससे पहले भारतीय महिला फुटबॉल टीम ग्रुप राउंड से ही बाहर हो गई थी।

पहले हाफ में कोई गोल नहीं
पहले हाफ में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं थीं। सऊदी अरब की टीम ने शुरुआती 45 मिनट में कई काउंटर अटैक किए, लेकिन भारतीय डिफेंस के आगे उनकी एक न चली। भारतीय टीम ने पहले हाफ में शानदार प्रदर्शन किया।

दूसरे हाफ में सऊदी अरब ने दो गोल दागे
दूसरे हाफ में 51वें मिनट में सऊदी अरब के मोहम्मद खलील मार्रान ने अल शबात के शानदार क्रॉस पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो स्टाइल में हेडर से गोल दागा और अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद 57वें मिनट में भी मार्रान ने शानदार स्किल दिखाते हुए मैच का और अपना दूसरा गोल दागा। इसके बाद दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और सऊदी अरब ने मुकाबला जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

बेहद मजबूत है सऊदी अरब की टीम
सऊदी अरब की टीम काफी मजबूत है। उसने पिछले साल फीफा विश्व कप में चैंपियन अर्जेंटीना को हरा दिया था। हालांकि, एशियाई खेलों में सऊदी के सभी सीनियर प्लेयर्स नहीं खेल रहे, लेकिन उन्हें कम नहीं आंका जाना चाहिए। इस टीम के आगे भारतीय टीम ने कठिन चुनौती पेश की। हालांकि, सुनील छेत्री की अगुआई वाली टीम जीत दर्ज करने में कामयाब नहीं हो पाई।

भारत और सऊदी अरब के आंकड़े
भारत और सऊदी अरब के बीच अब तक चार बार आमना-सामना हुआ है। चारों ही बार भारत को हार का सामना करना पड़ा था। पहली बार दोनों 1982 में एशियाई खेलों में भिड़े थे। तब सऊदी अरब ने भारत को 1-0 से हराया था। इसके बाद 2006 एएफसी एशियन कप में दोनों का आमना-सामना हुआ। तब सऊदी अरब ने भारत को 3-0 से शिकस्त दी थी। इसी टूर्नामेंट में फिर 2006 में ही दोनों टीमें भिड़ी थीं। तब सऊदी अरब ने भारत के 7-1 से हराया था। 17 साल बाद दोनों टीमें आमने-सामने आईं और सऊदी अरब ने एक बार फिर जीत दर्ज की।

भारत 1970 के बाद एशियाई खेलों में कोई पदक नहीं जीत पाया
एशियाई खेलों में सबसे पहली बार फुटबॉल 1951 में खेला गया था। उस साल भारत ने इसका स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद दूसरा पदक भारत ने 1970 में कांस्य के रूप में जीता। उसके बाद से एशियाई खेलों में पुरुष फुटबॉल में भारत के पदकों का सूखा जारी है। भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम ने 2018 एशियाई खेलों में हिस्सा नहीं लिया था। टीम 2014 में पिछली बार इस महाद्विपीय प्रतियोगिता में खेली थी। इस बार काफी जद्दोजहद के बाद भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम को एशियाई खेलों में भेजा गया था।

दोनों टीमें
भारतीय टीम: धीरज सिंह (गोलकीपर), लालचुंगनुंगा, संदेश झिंगन, चिंगलेनसाना सिंह,अब्दुल रबीह, नरेंद्र गहलोत, अमरजीत सिंह, राहुल केपी, सुनील छेत्री (कप्तान),रहीम अली, गुरकीरत सिंह, गुरमीत, विशाल यादव, सुमित राठी, आयुष छेत्री, सैमुअल जेम्स लिंगदोह, अनिकेत जाधव, विंसी बैरेटो, ब्राइस मिरांडा, रोहित दानू, अजफर नूरानी।

सऊदी अरब: अहमद फहद अल जुबाया (गोलकीपर), मोहम्मद वहीद अलशमत, रेयान मोहम्मद हमीद, मोहम्मद अल्यामी, जकारिया हवासावी, फैसल अब्दुर्रहमान अलघमदी (कप्तान), साद फहद अलनासर, अवद हैदर अलनाश्री, हैथम मोहम्मद असीरी, मुसाब फहद अलजुवेर, मोहम्मद खलील मार्रान।

About News Desk (P)

Check Also

लखनऊ पूर्व विधानसभा के लिए ओपी श्रीवास्तव ने किया नामंकन

लखनऊ(ब्यूरो)। भाजपा प्रत्याशी ओपी श्रीवास्तव ने लखनऊ पूर्व विधासभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव ...