Breaking News

तीर्थाटन विकास का मुद्दा

चार वर्ष पहले तक उत्तर प्रदेश में तीर्थाटन व पर्यटन विकास कोई मुद्दा नहीं था। इस क्षेत्र में मात्र औपचारिकता का निर्वाह किया जाता था। जबकि उत्तर प्रदेश में तीर्थाटन व पर्यटन विकास की व्यापक संभावना रही है। प्रभु श्री राम व श्री कृष्ण ने यहीं अवतार लिया। दुनिया की सबसे प्राचीन बाबा भोलेनाथ की नगरी काशी यहीं है। इसके अलावा अनेक देविधामों की देश में प्रतिष्ठा है। लाखों दर्शनार्थी इन सभी स्थलों पर प्रति वर्ष आते है। उनके आगमन से यहां लघु भारत का दृश्य दिखाई देता है।

इतना ही नहीं विदेशी पर्यटकों की आमद भी कम नहीं होती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इन सभी स्थलों से भावनात्मक लगाव भी रहा है। इससे भी आगे बढ़ कर उन्होंने इन सभी स्थलों को प्रदेश के समग्र विकास से जोड़ा। पर्यटन व तीर्थाटन से अर्थव्यवस्था को बल मिलता है। स्थानीय स्तर पर परोक्ष व अपरोक्ष रोजगार का सृजन होता है। योगी आदित्यनाथ ने सन्देश दिया कि यह साम्प्रदायिक विषय नहीं है। यह प्रदेश के विकास से जुड़ा मुद्दा है। जिसे साम्प्रदायिक समझ कर अब तक उपेक्षा की गई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की विंध्याचल व काशी यात्रा में तीर्थाटन विकास का मुद्दा उभर कर आया।

इस आधार पर पिछली सरकारों का उल्लेख भी हुआ। यह कहा गया कि पिछली सरकारें वोटबैंक सियासत के कारण इन स्थलों से दूरी बना कर रखती थी। इस कारण यहां अपेक्षित विकास नहीं किया गया। जबकि दशकों पहले ही यहां विश्वस्तरीय विकास की आवश्यकता थी। इस कार्य को केंद्र व प्रदेश की वर्तमान सरकारें पूरा कर रही है। अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास के चहुंमुखी विकास के क्रम में मुझे उत्तर प्रदेश आने का अवसर मिला है। अयोध्या में श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है।

प्रदेश सरकार के कुशल नेतृत्व एवं प्रबन्धन में प्रयागराज में कुम्भ का दिव्य एवं भव्य आयोजन सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है। प्रदेश सरकार ने ब्रज तीर्थ एवं चित्रकूट धाम में विकास को नई दिशा दी। अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम द्वारा जनभावनाओं का आदर किया गया। अपनी परम्पराओं को विकसित किया है। सभी तीर्थ क्षेत्रों में जन सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इसी क्रम में माँ विन्ध्यवासिनी कॉरिडोर का शुभारम्भ एवं रोप वे का उद्घाटन किया गया है।

कॉरिडोर परियोजन में मंदिर परकोटा एवं परिक्रमा पथ का निर्माण,रोड व मेन गेट की अवस्थापना का निर्माण,मंदिर की गलियों में फसाड ट्रीटमेंट का निर्माण,पहुंच मार्गों का सुदृढ़ीकरण एवं निर्माण कार्य,पार्किंग स्थल, शॉपिंग सेण्टर व अन्य यात्री सुविधाओं का निर्माण सम्मिलित हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने धर्म,अर्थ,काम और मोक्ष के पुरुषार्थ के साथ प्रदेश की जनता के लिए कार्य किया है।

मीरजापुर के विन्ध्य मेडिकल कॉलेज का शीघ्र ही प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पण किया जाएगा। इस मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से प्रवेश प्रारम्भ हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं निहित हैं। प्रदेश सरकार ने प्रयागराज के कुम्भ में विश्वस्तरीय सुविधाएं एवं सेवाएं विकसित कर कुम्भ को उत्तर प्रदेश के एक ब्राण्ड के रूप में पूरी दुनिया के सामने पेश किया है।

काशी एवं अयोध्या क्षेत्र एक नये कलेवर में विकसित हो रहे है। चित्रकूट धाम,श्रृंग्वेरपुर, नैमिषारण्य जैसे क्षेत्रों में गुणवत्तायुक्त पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इसी श्रृंखला में माँ विन्ध्यवासिनी शक्ति धाम में विन्ध्यवासिनी कॉरिडोर का शिलान्यास तथा काली खोह एवं अष्टभुजा में रोप वे का निर्माण पर्यटन के नये क्षितिज को प्रदर्शित कर रहा है। उत्तर प्रदेश के पर्यटन पर आज अयोध्या महोत्सव, ब्रज धाम,श्रृंग्वेरपुर, चित्रकूट धाम,नैमिषारण्य,विन्ध्याचल धाम एक नये अध्याय को दर्शा रहे हैं।

अमित शाह व योगी आदित्यनाथ ने निर्माणाधीन श्री काशी विश्वनाथ धाम के एक प्रेजेण्टेशन का अवलोकन किया। श्रद्धालुओं के दृष्टिगत मन्दिर परिसर, मन्दिर चौक,यात्री सुविधा केन्द्र, मुमुक्षु भवन,भोग शाला, यूटिलिटी बिल्डिंग, सुरक्षा भवन बनाया जा रहा है। इसमें से अधिकतर कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। जेटी और घाट डेवलेपमेण्ट का कार्य भी चल रहा है।

About Samar Saleel

Check Also

संजय सिंह बोले- पीएम मोदी को सिर्फ अपने दोस्तों की चिंता, देश को नीलाम कर रहे हैं प्रधानमंत्री

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने एक बार फिर प्रधनामंत्री नरेंद्र मोदी ...