Breaking News

Birthday Special: बॉलीवुड के अंत तक रहेगा यश चोपड़ा का नाम…

जब तक बालीवुड रहेगा तब तक यश चोपड़ा ‘यश राज स्टूडियो’ के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में जाने जाएंगे। यश राज फिल्म्स 2006 से लगातार भारत की सबसे बड़ी फिल्म-कम्पनी है। वे आज हमारे बीच नहीं है लेकिन, उनकी फिल्‍में सबके दिलों में बसी हुईं हैं। आज यश चोपड़ा का जन्मदिन है। 27 सितंबर 1932 को पंजाब के लाहौर में जन्में यश चोपड़ा 21 अक्टूबर 2012 को दुनिया से अलविदा कह गए थे।

उनका फिल्मी करियर पांच दशकों से भी अधिक का रहा है जिसमें उन्होंने 22 फिल्में डायरेक्ट कीं जबकि 51 फिल्में प्रोड्यूस कीं। उन्हें फिल्म निर्माण के क्षेत्र में कई पुरस्कार व सम्मान प्राप्त हुए। बालीवुड जगत से फिल्म फेयर पुरस्कार, राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, दादा साहेब फाल्के पुरस्कार के अलावा भारत सरकार ने उन्हें 2005 में भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित किया।

यश चोपड़ा फिल्मों में नए प्रयोग करने या कुछ हटकर करने के लिए भी जाने जाते हैं। रोमांस को पर्दे पर बड़ी संजीदगी से रखने वाले यशराज चोपड़ा ने इंडस्ट्री को बहुत सी रोमांटिक सुपरहिट फिल्में दी हैं।

1973 में ‘दाग’, 1975 में ‘दीवार’, 1976 में ‘कभी कभी’ और 1978 में ‘त्रिशूल’ जैसी फिल्में बनाकर अभिनेता के रूप में उन्होंने अमिताभ बच्चन को बालीवुड में स्थापित किया। 1981 में ‘सिलसिला’, 1984 में ‘मशाल’ और 1988 में बनी ‘विजय’ उनकी यादगार फिल्में हैं। उनकी फिल्म ‘चांदनी’ ने तो सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे।

1991 में उन्होंने क्लासिकल फिल्म ‘लम्हे’ बनायी जो की यादगार फिल्मों में शामिल है। 1993 में यश ने नवोदित कलाकार शाहरुख खान की किस्मत चमका दी। फिल्म ‘डर’ ने रातों रात शाहरुख को स्टार बना दिया था। ‘डर’ में शाहरुख ने राहुल मेहरा का रोल निभाया था। फिल्म में हीरो का रोल सनी देओल ने निभाया था लेकिन विलेन का किरदार ज्यादा पॉपुलर हो गया। जबकि इस फिल्म के लिए पहले अजय देवगन और आमिर को चुना गया था। जब उन्होंने इस फिल्म से इनकार कर दिया तब ये रोल शाहरुख के पास आया।

1997 में ‘दिल तो पागल है’, 2004 में ‘वीरजारा’ और 2012 में ‘जब तक है जान’ का निर्माण करके 2012 में ही यश ने फिल्म-निर्देशन से अपने संन्यास की घोषणा भी कर दी थी।

About Samar Saleel

Check Also

धनुष से बेहतर कोई विकल्प हो ही नहीं सकता था : ओम राउत

Entertainment Desk। काँस 2025 (Cannes 2025) में मौजूद फिल्म निर्देशक ओम राउत ने (Film director ...