Breaking News

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतदान जारी, सीएम केजरीवाल ने किया मतदान

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के बीच शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। मतदान प्रात: आठ बजे प्रारंभ हुआ और शाम छह बजे तक चलेगा। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने कहा कि मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षाकर्मियों के अलावा पर्याप्त संख्या में अन्य कर्मचारियों को तैनात किए जाने के साथ ही पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

डॉ सिंह के अनुसार मतदान निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए 1000024 कर्मचारी चुनावी ड्यूटी पर तैनात किए गए हैं। सुरक्षा इंतजामों में दिल्ली पुलिस के 38 हजार 874 और होम गार्ड के 19 हजार जवान तैनात किए गये हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में अर्द्धसैनिक सुरक्षा बल के जवान भी तैनात किए गए हैं। कुल 70 सीटों के लिए 672 प्रत्याशी मैदान में हैं।

इस बार कुल एक करोड़ 47 लाख 86 हजार 382 मतदाता हैं जिनमें से 132 मतदाता 100 या इससे अधिक आयु के हैं। वयोवृद्ध मतदाताओं को ‘वीआईपी’ मतदाता के रूप में वोट डालने की सुविधा मुहैया कराई गयी है। वयोवृद्ध मतदाताओं में 68 पुरुष और 64 महिला मतदाता हैं। सबसे वृद्ध मतदाता ग्रेटर कैलाश की चितरंजन पार्क निवासी 110 वर्षीय महिला कालीतारा मंडल हैं।

कुल मतदाताओं में पुरुषों की संख्या 81 लाख पांच हजार 236 और महिला मतदाताओं की संख्या 66 लाख 80 हजार 277 हैं। किन्नर मतदाता 869 हैं। सभी मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र जारी किए गए हैं।

प्रवासी मतदाताओं की संख्या 498 और सेवा से जुड़े मतदाताओं की संख्या 11 हजार 608 है। अस्सी वर्ष से अधिक के मतदाताओं की संख्या दो लाख चार हजार 830 हैं। दिव्यांग मतदाता 50 हजार 473 हैं। व्हील चेयर मतदाताओं की संख्या 3875 है। दिव्यांग मतदाताओं को मतदान में सुविधा के लिए नौ हजार 997 वालंटियर तैनात किए गये हैं।

कुल मतदाताओं में 18 से 25 आयु वर्ग के 17 लाख 34 हजार 565 मतदाता हैं जिनमें पुरुष 10 लाख 823, महिला सात लाख 33 हजार 514 और अन्य 228 हैं। पच्चीस से 40 वर्ष आयु वर्ग के 62 लाख 36 हजार 46 मतदाताओं में पुरुष 3426905 और महिला 28 लाख नौ हजार 141 है। इस वर्ग में अन्य मतदाता 418 है। चालीस से 60 वर्ग आयु के 49 लाख 62 हजार 823 मतदाताओं में 27 लाख 28 हजार 303 पुरुष और 22 लाख 34 हजार 342 महिला मतदाता हैं जबकि अन्य 178 हैं। साठ वर्ष से ऊपर 18 लाख 52 हजार 948 मतदाताओं में पुरुष नौ लाख 49 हजार 623 और महिलाएं नौ लाख तीन हजार 280 तथा अन्य 45 हैं।

कुल मतदान केंद्रों की संख्या 13570 है जो 2688 स्थानों पर स्थित है। संवेदनशील मतदान केंद्रों की संख्या 3141 है। खर्चे से जुड़े संवेदनशील पाकेट की संख्या 102 है। चुनाव संपन्न कराने के लिए 34 हजार 222 बीयू, 18 हजार 765 सीयू और 20 हजार 385 वीवीपैट का इस्तेमाल किया जा रहा है। चुनाव में कुल 672 उम्मीदवार हैं जिनमें पुरुष 593 और महिला प्रत्याशी 79 हैं। तेईस विधानसभा सीटों पर कोई भी महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं है।

कितनी सीटों पर किसके प्रत्याशी

आम आदमी पार्टी (आप) ने सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 67 और कांग्रेस ने 66 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली पार्टी जनता दल यूनाइटेड और चिराग पासवान की अगुवाई वाली लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के साथ समझौता है। कांग्रेस का लालू प्रसाद के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन है। मायावती के नेतृत्व वाली बहुजन समाजपार्टी (बसपा) ने 68 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने तीन-तीन उम्मीदवार उतारे हैं। शरद पवार के नेतृत्व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पंजीकृत राजनीतिक दलों के 243 और 148 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। सबसे कम मतदाता चांदनी चौक में एक लाख 25 हजार 684 और सर्वाधिक मटियाला में चार लाख 23 हजार 682 हैं। सबसे कम क्षेत्र वाली विधानसभा सीट बल्लीमारान 2.50 वर्ग किलोमीटर और सर्वाधिक क्षेत्रफल वाली नरेला 143.42 वर्ग किलोमीटर है।

नई दिल्ली सीट जहां से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल लगातार तीसरी बार चुनावी मैदान में हैं, सबसे अधिक 28 उम्मीदवार हैं। केजरीवाल की मुख्य टक्कर भाजपा के सुनील यादव और कांग्रेस के रमेश सभरवाल से है। सबसे कम चार प्रत्याशी पटेल नगर सीट से हैं। दिल्ली मेट्रो और दिल्ली परिवहन निगम ने मतदान कर्मियों और मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थायें की हैं। मतगणना 11 फरवरी को होगी जिसके लिए 27 जगहों पर मतगणना केंद्र बनाये गए हैं।

सीएम केजरीवाल ने किया मतदान

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राजपुर रोड सिविल लाइन्स के पोलिंग बूथ पर परिवार के साथ मतदान किया। इससे पहले उन्होंने महिलाओं से वोट देने का आग्रह करते हुए कहा कि जैसे वे घर की जिम्मेदारी उठाती हैं, वैसे ही राष्ट्र और दिल्ली की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर है। केजरीवाल ने कहा कि सभी महिलाएं मतदान करें और घर के पुरुषों को भी साथ ले जाएं।

केजरीवाल ने कहा, वोट डालने जरूर जाइए। सभी महिलाओं से खास अपील-जैसे आप घर की जिम्मेदारी उठाती हैं, वैसे ही मुल्क और दिल्ली की जिम्मेदारी भी आपके कंधों पर है। आप सभी महिलायें वोट डालने जरूर जाएं और अपने घर के पुरुषों को भी ले जाएं। पुरुषों से चर्चा जरूर करें कि किसे वोट देना सही रहेगा।

About Aditya Jaiswal

Check Also

दो लोगों की मौत, गांव में छा गया मातम; आर्थिक तंगी के कारण उठाया खौफनाक कदम

भदोही:  पारिवारिक कलह और आर्थिक तंगी से आजिज आए एक ही परिवार के तीन लोगों ...