उत्तर प्रदेश में प्रियंका सधे हुए कदमों से 2022 के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही हैं। 2022 का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रियंका ने पुराने चेहरों को साइड लाइन करके अपनी पसंद की टीम तैयार कर ली है। प्रदेश से लेकर जिला और नगर इकाइयों तक पर उनकी नजर है। कोरोना काल मेें प्रियंका जिस तरह की सियासत कर रही हैं उसकी ‘टाइमिंग’ पर सवाल उठाये जा सकते हैं, लेकिन प्रियंका के जज्बे को तो ‘सलाम’ करना ही पड़ेगा, जो कोराना से निपटने के लिए जद्दो-जहद कर रही योगी सरकार को लगतार आईना दिखाने का काम कर रही है। बिना इन आरोपों की चिंता किए कि कोरोना काल में भी गांधी परिवार घटिया सियासत कर रहा है। जब कोरोना के चलते देश लाॅकडाउन था। जनता सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रही थी। चेहरे पर मास्क और सैनिटाइजर्स के जरिए लोग कोरोना संक्रमण से जान बचने की कोशिश कर रहे थे। देश में लगातार कोरोना पाॅजिटिव की संख्या बढ़ती जा रही थी। तब प्रियंका हर उस मुद्दे को हवा दे रही हैं, जो योगी सरकार की पेशानी पर बल डाल सकता था। प्रियंका आगे-आगे तो उनकी पार्टी के ‘दूसरी-तीसरी लाइन‘ के युवा नेता कंधे से कंधा मिलाकर पीछे-पीछे चलते नजर आते हैं। प्रियंका के साथ संघर्षरत् नेताओं में कोई पुराना चेहरा नजर नहीं आता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय ‘लल्लू’ और उनके ही जैसे अन्य गुमनाम या कम जाने-पहचान वाले संघर्षशील युवा नेताओं के सहारे प्रियंका, योगी सरकार के खिलाफ कई ऐसे मुद्दे उछाल चुकी है जिसको लेकर योगी सरकार को बार-बार ‘सफाई‘ तक देना पड़ा तो प्रियंका पर कोरोना काल में घटिया राजनीति करने का आरोप भी लगा।
वैसे घटिया राजनीति करने का आरोप गांधी परिवार पर कोई नया और पहली बार नहीं लगा है। नागरिकता संशोधन एक्ट (सीएए) के समय भी जब प्रियंका ने सीएए का विरोध कर रहे लोगों के पक्ष में योगी सरकार की हठधर्मी-उत्पीड़न के खिलाफ आंदोलन छेड़ा था, तब भी उन पर देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े होने का अरोप लगा था,लेकिन इसकी चिंता किए बिना प्रियंका उन लोगों के घर गईं जो सीएए का विरोध करते समय पुलिस की लाठियों का शिकार हुए थे। इस पर योगी सरकार की त्योरियां ठीक वैसे ही चढ़ गईं थीं,जैसी आज कोरोना काल में प्रियंका पर चढ़ी हुई हैं।
प्रियंका की यूपी में ‘संघर्षगाथा’ की बात की जाए तो चाहें कोरोनाकाल में कांगे्रस नेत्री द्वारा राजस्थान से उत्तर प्रदेश लाने के लिए प्रवासी मजदूरों के लिए बस की पेशकश की बात हो या फिर गत वर्ष जुलाई के ही महीनें में सोनभद्र में हुआ दस लोगों का नरसंहार अथवा बीते दिसंबर माह में नागरिकता संशोधन एक्ट के विरोध में धरना-प्रदर्शन करने वालों के पक्ष में खड़े होकर योगी सरकार को मुस्लिम विरोधी करार देना। हर बार प्रियंका के तेवर तीखे दिखे कि सोनभद्र नरसंहार के समय पुलिस उन्हें हिरासत में लेने को मजबूर हो गई थी तो बस की सियासत में योगी सरकार उनके प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को जेल की सलाखों के पीछे भेजने को मजबूर हो गई,जिसको प्रियंका ने सियासी मुद्दा बना दिया। यह कहने में कोई अतिशियोक्ति नहीं होगी की लोकसभा चुनाव के बाद प्रियंका ने जमीनी सियासत में सपा-बसपा को काफी पीछे छोड़ दिया है।
कभी-कभी तो ऐसा लगता है कि कांग्रेस नेत्री की नजर योगी सरकार के साथ-साथ बसपा के दलित वोट बैंक पर भी लगी हुई है,जो कभी कांगे्रस का मजबूत आधार हुआ करता था। प्रियंका बार-बार माया को ‘भाजपा का अघोषित प्रवक्ता‘ बताती रहती है, यह और बात है कि ऐसा कहते समय उन्हें इस बात का ध्यान नहीं रहता है कि केन्द्र की मनमोहन सरकार ने अगर अपना दस साल का कार्यकाल पूरा किया तो उसका काफी श्रेय माायवती को जाता है। बसपा के समर्थन के बिना मनमोहन सरकार घुटनों के बल नजर आने लगती थी।
लब्बोलुआब यह है कि प्रियंका वाड्रा की पूरी सियासी कसरत 2022 के उ0प्र0 विधानसभा चुनावों को लेकर हो रही है। बीते वर्ष जब लोकसभा चुनाव की जिम्मेदारी प्रियंका को सौंपी गई थी, तब ही राहुल गांधी ने कह दिया था कि प्रियंका 2022 के लिए यूपी में कांग्रेस की जमीन तैयारी करेगी। और तब से प्रियंका ऐसा कर भी रही है। प्रियंका ने जिस तरह से उत्तर प्रदेश में हलचल बढ़ा रखी है। उससे सपा-बसपा का अशांत होना स्वााभाविक है, लेकिन राजनीति के जानकारों को लगता है कि प्रियंका उत्तर प्रदेश में कांगे्रस को उस स्थिति में पहुंचा देना चाहती है, जहां बैठकर वह अन्य दलों के साथ टिकटों की सौदेबाजी कर सके।
बीते लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को जिस तरह से सपा-बसपा ने ‘दूध की मक्खी‘ कि तरह निकल कर फेेंक दिया था। प्रियंका नहीं चाहती है कि वह ‘इतिहास‘ 2022 के विधानसभा चुनाव में पुनः दोहराया जाए। गौरतलब हो, 2019 के लोकसभा चुनाव के समय मायावती की जिद्द के चलते कांगे्रस का सपा-बसपा के साथ गठबंधन का सपना चकनाचूर हो गया था, जिसका आज तक प्रियंका को मलाल है। इसी लिए प्रियंका मायावती पर तो हमलावर रहती हैं, लेकिन अखिलेश यादव को लेकर वह ज्यादा मुखर नहीं होती हैं। मायावती की जिद्द के चलते अकेले मैदान में कूदी कांग्रेस ठीक से लोकसभा चुनाव की तैयारी भी नहीं कर पाई थी, इसी के चलते प्रियंका के नेतृत्व में कांग्रेस को इतिहास की सबसे शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा था। यूपी में कांगे्रस एक सीट पर सिमट गई थी अमेठी में राहुल गांधी तक अपनी सीट नहीं बचा पाए थे, यह सब तब हुआ था जबकि सपा-बसपा गठबंधन का सहयोगी नहीं बनने के बाद प्रियंका ने मेहनत में कोई ‘कोरकसर’ नही छोड़ी थी। चुनाव के दौरान भी प्रियंका समाजवादी पार्टी के प्रति साफ्ट कार्नर लेकर चली थी।

