Breaking News

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ,घर-घर तलाशे जाएंगे मरीज

जिलाध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर की अभियान की शुरुआत

आसपास न होने दें जलजमाव, मच्छरों की वजह से फैलता है बुखार – जिलाध्यक्ष

अभियान

• नगर पालिका परिषद पर शपथ ली, रैली भी निकाली
• 31 जुलाई तक चलेगा जागरूकता अभियान

औरैया। जनपद में शुक्रवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हुआ। अभियान की शुरुआत जिलाध्यक्ष श्री राम मिश्रा , औरैया ने नगर पालिका परिषद से प्रचार वाहन व रैली को हरी झंडी दिखाकर की। इस मौके पर जिला मुख्यालय पर संचारी रोग के नियंत्रण के लिए शपथ भी ली गई। जिलाध्यक्ष ने कहा की आसपास जल जमाव नहीं होने दें। सभी लोग अपने आसपास सफाई पर ध्यान रखें। यदि कोई व्यक्ति बुखार से पीड़ित हो तो उसे तत्काल पास के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करायें। यह मच्छरों की वजह से फैलता है। मच्छर के पनपने के जितने भी स्थान हो उन सभी स्थानों को नष्ट कर देना चाहिए। इसके साथ ही साफ सफाई की व्यवस्था करनी चाहिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान का शुभारंभ रैली निकालकर किया गया। उन्होंने बताया कि विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दौरान बुखार, टीबी, कोविड आदि लक्षणों वाले व्यक्ति के बारे में घर-घर जाकर पूछताछ की जाएगी। लक्षण मिलने पर चिह्नित कर उन्हें अस्पताल भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर नि:शुल्क एंबुलेंस की सेवा भी उपलब्ध रहेगी। लक्षण मिलने वाले व्यक्ति का पूरा नाम पता और मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण एएनएम के माध्यम से ब्लॉक मुख्यालय तक भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत ही जनपद में 16 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान चलेगा। इसमें स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर बीमार लोगों के बारे में जानकारी लेगी और 12 साल से अधिक आयु के जिन लोगों को कोविड टीका नहीं लगा है, उन्हें कोविड टीका से प्रतिरक्षित किया जाएगा।

कुपोषित भी होंगे चिन्हित

वेक्टर बार्न डिजीज के नोडल अधिकारी डॉ शिशिर पुरी ने बताया कि अभियान के दौरान आशा, आंगनवाड़ी और संगिनी कार्यकर्ता घर-घर जाकर कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों की सूची बनाएंगी। फिर यह सूची ए.एन.एम के जरिए ब्लॉक मुख्यालय पर भेजी जाएगी। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग कुपोषित व अति कुपोषित बच्चों को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से पोषण पुनर्वास केंद्रों पर उपचार एवं पोषण उपलब्ध कराता है।

अन्य विभाग भी करेंगे मदद

जिला मलेरिया अधिकारी लाल साहब सिंह ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, नगर पंचायत विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन विभाग, कृषि एवं सिचाई विभाग, सूचना और उद्यान विभाग की सहभागिता रहेगी। सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। जहां भी मच्छर पनपने की संभावना होगी। वहां निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस मौके पर समस्त मलेरिया निरीक्षक, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद व स्टाफ एवम एपिडेमोलॉजिस्ट, डीएमसी यूनिसेफ व सहयोगी विभागों के प्रतिनिधि उपलब्ध रहे।

रिपोर्ट-शिव प्रताप सिंह सेंगर

About Samar Saleel

Check Also

इटावा से भाजपा सांसद व प्रत्याशी रामशंकर कठेरिया के पक्ष में मुख्यमंत्री ने की जनसभा

• कल्याण सिंह के लिए संवेदना के शब्द नहीं निकले और माफिया के घर फातिहा ...