Breaking News

झारखंड के कई जिलों में बदलने लगा मौसम का मिजाज, गर्मी से मिलेगी राहत

झारखंड के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को गर्मी और लू से राहत मिली है। सूबे के कई जिले गुरुवार की आंधी-बारिश के कारण हुए बिजली संकट से भी उबरे भी नहीं थे कि शुक्रवार को दोहरी मार पड़ गई। शुक्रवार की दोपहर राज्य के अधिकतर जिलों में आई तेज आंधी और बारिश के कारण बिजली संकट गहरा गया।

गुरुवार से हो रही आंधी-बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में बड़ी संख्या में पेड़ बिजली के तारों पर गिर गए। गढ़वा में 132 केवी का हाईटेंशन लाइन का टावर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। रांची, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, चतरा, पलामू, गढ़वा, जमशेदपुर, गिरिडीह और धनबाद आदि जिलों में शुक्रवार को आंधी-बारिश के कारण जगह-जगह ब्रेक डाउन की आफत आ गई।

हालांकि, तापमान लुढ़कने और आपूर्ति बाधित होने के कारण बिजली की मांग 1600 मेगावाट पर सिमट गई। इन दिनों मांग 2900 मेगावाट दर्ज हो रही थी। जेबीवीएनएल और संचरण निगम के अधिकारी टीम के साथ ब्रेक डाउन दुरुस्त करने में जुटे थे।

जमशेदपुर में आंधी-पानी से शुक्रवार को गैर कंपनी इलाके में पौने तीन घंटे बिजली बाधित रही। गुरुवार रात में करीब छह घंटे बिजली कटी थी। आंधी के दौरान सारे पीएसएस से बिजली काट दी गई थी। गोविंदपुर में ठनका से जलापूर्ति योजना के मीटर यूनिट ठप पड़ गया है। इससे पौने दो लाख लोगों को पानी नहीं मिला।

आंधी से मैथन के डीवीसी ग्रिड में जो खराबी आई थी, उसे ठीक करने में विभाग को 20 घंटे लगे। कतरास और झरिया के इलाके में भी कई जगह पेड़ गिरने से कई जगह बिजली गुल है। बोकारो के शहरी इलाके में जहां 7-8 घंटे वहीं ग्रामीण इलाके में 10-12 घंटे प्रभावित रही। दुमका के कोर्ट कैंपस पेड़ गिरने से बिजली पोल भी गिर गया है जिससे बिजली गुल हो गई है। गिरिडीह में लगभग 8 से 10 घंटे बिजली गुल रही। बेंगाबाद में 24 घंटे बाद भी बिजली नदारद है। देवघर और मधुपुर में भी घंटों बिजली बाधित रही है। साहिबगंज में भी लगभग 4 से 11 घंटे तक बिजील बाधित रही है। पाकुड़िया प्रखंड में शुक्रवार दोपहर से बिजली बाधित है जो देर रात तक नहीं आई थी।

आंधी-तूफान, बारिश तथा वज्रपात आदि से पिछले 24 घंटों में झारखंड में सात लोगों की मौत हुई। वज्रपात से धनबाद के बरवाअड्डा में मां-बेटी की मौत हो गई जबकि जमशेदपुर के बहरागोड़ा में एक व्यक्ति की मौत हुई। वहीं पलामू के रेहला में आंधी से टेम्पो पलटने से एक व्यक्ति की जान चली र्गई जबकि जिले के ही नौडीहा में किसान की मौत पेड़ गिरने से हुई। गुमला के चिरोडीह माइंस में वज्रपात से एक कर्मी और लोहरदगा में एक महिला की मौत की खबर है।

धनबाद शहर में आंधी-बारिश के कारण लगभग 6-7 घंटे बिजली गुल रही। शहरी इलाकों से ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में असर रहा। सिंदरी में गुरुवार की आंधी-बारिश के कारण बिजली गुल हुई तो शुक्रवार को लगभग 18 घंटे बिजली बाद लौटी लेकिन शुक्रवार को आई तेज आंधी से फिर शहर में ब्लैकआउट की स्थिति है।

 

About News Room lko

Check Also

कांग्रेस पार्षद की बेटी की हत्या पर हंगामा; भाजपा ने सरकार को घेरा, सत्ता दल ने किया पलटवार

बंगलूरू: हुबली के बीवीबी कॉलेज में कांग्रेस पार्षद की बेटी की हत्या पर राजनीति जारी ...