Breaking News

देव दीपावली पर घाटों को रौशन करने के लिए योगी सरकार दे रही दीया, बाती और तेल

• लोकल से ग्लोबल हुई काशी की देव दीपावली को इस वर्ष और भव्य बनाने की तैयारी

• नव्य भव्य श्री काशी विश्वनाथ धाम की दीवारें गंगा अवतरण व शिव महिमा की सुनाएंगी गाथा

• जनता की सहभागिता के साथ घाटों की सफाई में देव दीपावली समिति और प्रशासन जुटा

• घाटों को फसाड लाइट और झालरों से सजाया जाएगा, सदियों से खड़ी ऐतिहासिक इमारतों की दिखेगी आभा

वाराणसी। काशी की विश्व विख्यात देव दीपावली की तैयारियां तेज हो गयी हैं। देव दीपावली पर काशी के घाटों को रौशन करने के लिए योगी सरकार दीया, बाती व तेल देगी। वहीं स्थानीय प्रशासन इस काम में जनता का सहयोग करेगा। इसी के साथ ही काशी के अर्धचंद्राकार घाटों को 10 लाख दीयो से जगमगाने का लक्ष्य है।

वाराणसी में 7 नवंबर को देवों की दीपावली मनायी जाएगी। इस दौरान दीपों के साथ ही घाटों को फसाड लाइट और झालरों से भी रोशन किया जाएगा। इसके अलावा थ्री डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो व लेज़र शो के माध्यम से श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर गंगा अवतरण और शिवस्तुति का प्रदर्शन होगा। इस मौके पर ख़ास ग्रीन आतिशबाजी भी की जाएगी।

लोकल से ग्लोबल हुई काशी की देव दीपावली को इस वर्ष और भव्य बनाया जा रहा है। घाटों की साफ़ सफाई के साथ ही घाटों को सजाने संवारने के काम में देव दीपावली समितियां और प्रशासन जुट गया है।

वाराणसी के कमिश्नर और कार्यवाहक जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने कहा कि देव दीपावली का पर्व जनता का पर्व है। काशी की जनता के सहयोग के लिए प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी सभी घाटों पर मौजूद रहेंगे। इसके लिए दीये, तेल और बाती देव दीपावली समितियों को वितरित किये जाएंगे।

पक्के घाटों के अलावा घाटों के उस पार रेत पर दीपों को सजाने व लगाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को जनता के सहयोग के लिए लगा दिया गया है। घाटों को फसाड लाइट और झालरों से भी सजाया जाएगा, जिससे घाटों और घाटों पर सदियों से खड़े ऎतिहासिक इमारतों की आभा भी दिखाई दे।

देव दीपावली देखने आने वाले पर्यटकों की संख्या लाखों में होती है इसलिए सुरक्षा के इंतज़ाम का समुचित खाका खींचा गया है। गंगा के पूर्वी व पश्चिमी क्षेत्र को 20 -20 सेक्टर में बांटा गया है और नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष नव्य भव्य श्री काशी विश्वनाथ धाम की दीवारें गंगा अवतरण व शिव महिमा की कहानी सुनाएंगी। इसके लिए थ्री डी प्रोजेक्शन मैपिंग शो व लेज़र शो के माध्यम से गंगा अवतरण की महिमा हर 15 मिनट के अंतराल पर दिखाई जाएगी। जिससे नौका विहार करने के साथ अन्य श्रद्धालु देख सकें। देव दीपावली पर ग्रीन आतिशबाजी का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

रिपोर्ट-संजय गुप्ता 

About Samar Saleel

Check Also

बड़ौत में विजय संकल्प रैली में पहुंचे जयंत और पत्नी चारू चौधरी, मंच से जमकर गरजे सीएम योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ और रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के साथ ही चारू चौधरी आज ...