इस बार का मानसून किसानों को तगड़ा झटका दे सकता है। मौसम विभाग ने आशंका व्यक्त की है कि इस साल मानसून कमजोर रह सकता है और खरीफ की फसल बोने को तैयार किसानों का नुकसान संभावित है। इन किसानों को आस है कि इस बार मानसून उन्हें अच्छी खासी फसल दिलाएगा। मौसम वैज्ञानिक समर चौधरी ने बताया कि इस साल मानसून कमजोर रहने की आशंका है। चौधरी ने निजी वेदर एजेंसी स्काइमेट को बताया कि अगले दो दिनों में मॉनसून केरल में दस्तक दे सकता है। दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून आमतौर पर जून के आखिरी सप्ताह तक दस्तक देता है, लेकिन इस साल यह 10 से 15 दिन तक लेट हो सकता है।
समर चौधरी ने कहा कि प्री-मॉनसून बारिश भी बेहद कम है और यह 65 साल में दूसरा मौका है, जब इतनी कम वर्षा हुई है। देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है और कुछ हिस्सों हिस्सों में पारा 50 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। ऐसे में मानसून की दस्तक लोगों के लिए किसी बड़ी राहत से कम नहीं है। राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को भी भीषण गर्मी का सितम जारी रहा। राज्य के पश्चिमी इलाकों और पूर्वी इलाकों के मैदानी भागों में लू चलने से आमजनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि चूरू में अधिकतम तापमान 48 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।