Breaking News

माध्यमिक शिक्षा विभाग ने “उत्तर प्रदेश कोविड केयर फंड” में दिए 20 करोड़ 36 लाख 51 हज़ार 119 रुपये

लखनऊ। उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों शिक्षकों और कर्मचारियों की तरफ़ से मुख्यमंत्री जी को “उत्तर प्रदेश कोविड केयर फंड” में 20 करोड़ 36 लाख 51 हज़ार 119 (20,36,51,119) रुपए की धनराशि योगदान सौंप दी है। इसमें विभाग के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों के एक दिन का वेतन व मानदेय शामिल है।


उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 विश्व महामारी ने देश के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन को प्रभावित किया है। देश का सबसे बड़ा प्रदेश होने के नाते इससे जीतने के लिए चुनौतियां भी बड़ी हैं। उन्होंने कहा कि माध्यमिक शिक्षा विभाग का प्रत्येक अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी इस महामारी की रोकथाम व इसके दुष्प्रभाव से बचाव के लिए पूर्ण मनोयोग से इस क्षेत्र के दायित्वों का निर्वहन कर रहा है।

प्रदेश की स्थिति यथाशीघ्र सामान्य बनाने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग कटिबद्ध है। माध्यमिक शिक्षा विभाग का प्रत्येक अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी भारत का नागरिक होने के नाते इस कार्य में सरकार को सहयोग देने के अपने उत्तरदायित्व से भली-भांति भिज्ञ है। राज्य एवं सम्पूर्ण देश में जनजीवन सामान्य बनाने में अपना सहयोग देने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग के प्रत्येक सदस्य ने स्वेच्छा से अपना एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में अंशदान देने का निर्णय लिया।

उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने इसके साथ ही मा० मुख्यमंत्री जी को विभिन्न संस्थाओं से ‘उत्तर प्रदेश कोविड केयर फंड’ में सहयोग हेतु प्राप्त 11.83 लाख रुपए तथा “प्रधानमंत्री राहत कोष” हेतु प्राप्त 1.50 लाख रुपए का चेक भी सौंपा। इस अवसर पर प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा, आराधना शुक्ला तथा निदेशक माध्यमिक शिक्षा, वी.के. पांडेय भी उपस्थित थे।

About Samar Saleel

Check Also

देश भर में चुनाव की बयार… पर यहां है इंतजार, सरकार और उपराज्यपाल की रस्साकशी में अटका ‘दरबार’

नगर निगम के मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव अब शुक्रवार को नहीं होगा। उपराज्यपाल ...