Breaking News

बेटे की गिरफ्तारी के बाद सपा विधायक जाहिद बेग ने कोर्ट में किया सरेंडर, कोर्ट ने भेजा जेल

भदोही:  बेटे की गिरफ्तारी के बाद सपा विधायक जाहिद जमाल बेग ने गुरुवार को सीजेएम कोर्ट में सरेंडर कर दिया। बीते पांच दिनों से वे पुलिस की पकड़ से दूर थे। दोपहर 11.15 बजे कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे विधायक की पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की भी हुई। कोर्ट परिसर में कई बार विधायक को पुलिस ने गिरफ्त में लेने का प्रयास किया। इस बीच वकीलों से भी पुलिस की झड़प हुई। विधायक पुलिस को चकमा देते हुए कोर्ट में प्रवेश कर गए। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट साबीहा खातून ने उन्हें 14 दिन के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

विधायक आवास पर किशोरी के आत्महत्या किये जाने के बाद से ही पुलिस का शिकंजा लगातार विधायक व उनके परिवार पर बढ़ता जा रहा था। पुलिस ने पहले विधायक व उनकी पत्नी सीमा बेग पर बाल श्रम, बंधुआ मजदूरी और आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया।

उसके बाद उनके बेटे जईम बेग को भी चार दिन तक हिरासत में रखने के बाद मंगलवार को किशेारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में विधायक पति-पत्नी के साथ सहअभियुक्त बनाकर मकदुमपुर से गिरफ्तारी दिखाने के बाद कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।

बेटे के जेल जाने के बाद पांच दिनों से गायब विधायक ने कोर्ट में सरेंडर करने का फैसला किया। गुरुवार दोपहर 11.15 बजे वे न्यायालय पहुंचे। न्यायालय के गेट नंबर दो से वे अंदर घुसने ही वाले थे कि पुलिस उनको पकड़ना चाही। इस बीच पुलिस के साथ उनकी धक्कामुक्की भी हुई। इस बीच अधिवक्ताओं के साथ भी पुलिस की झड़प हुई।

About News Desk (P)

Check Also

लखनऊ विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग में लघु फिल्म का प्रदर्शन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा काकोरी ट्रेन एक्शन के शताब्दी समारोह के हिस्से के रूप ...