Breaking News

बलिया में बोले अमित शाह, सिर्फ मुस्लिमों को आरक्षण देती रही कांग्रेस; सपा-बसपा राज में होते थे बम धमाके

बलिया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को दुनिया में पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बना दी है। इस बार मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे तो भारत दुनिया में नंबर वन और यूपी देश में नंबर वन बनेगा। उक्त बातें देश के गृहमंत्री अमित शाह ने शहर से सटे माल्देपुर मोड़ के पास हैबतपुर गांव में बलिया लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर के समर्थन में बुधवार को आयोजित चुनावी जनसभा में कही। अमित शाह ने तय समय से आधे घंटे पूर्व मंच पर आते ही बिना किसी औपचारिकता के माइक संभाल ली। संबोधन के बाद सपा छोड़ने वाले पूर्व मंत्री नारद राय व पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह को पार्टी का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया।

एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी, नीरज, नारद व दया ने लोगों का किया अभिवादन
बलिया लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर के समर्थन में बुधवार को आयोजित चुनावी जनसभा में गृहमंत्री अमित शाह ने सपा छोड़कर आए पूर्व मंत्री नारद राय और पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह को भाजपा में शामिल कराया। इस दौरान नारद राय को खास तवज्जो दी। नारद राय ने भी जनसभा में मंच पर प्रतीक चिह्न के रूप में अमित शाह को फरसा भेंट किया।

अमित शाह ने इससे पहले कहा कि आज बलिया वालों को एक बात कहने आया हूं। गुजराती हिसाब-किताब में पक्के होते हैं। एक बार में कई काम करते हैं। एक ही बार में यदि तीन काम हों तो वह करना चाहिए। नीरज शेखर को वोट देने से एक साथ तीन काम होंगे। नीरज सांसद बनेंगे, मोदी पीएम बनेंगे और स्व. चंद्रशेखर को श्रद्धांजलि मिलेगी। नीरज शेखर को मैंने भाजपा ज्वाइन कराई है। पूरा जीवन ये भाजपा के सिपाही बने रहेंगे। नीरज को मिला एक-एक वोट मोदी को पीएम बनाने के काम आएगा। पूर्व की सरकार में तीन-चार घंटा बिजली आती थी, रमजान में पूरी आती थी, जन्माष्टमी में नहीं आती थी। कहा कि भाजपा सरकार आई तो 18 घंटा बिजली देने का काम योगी सरकार ने किया। कांग्रेस पर वार करते हुए कहा कि इन्होंने संविधानिक रूप से पिछड़े वर्ग के आरक्षण को मुसलमानों को देने का काम किया। कर्नाटक व हैदराबाद में चार प्रतिशत आरक्षण दिया।

अमित शाह ने कहा कि धर्म के आधार पर आरक्षण दिया, जो गैर कानूनी है। जब तक भाजपा का एक भी सांसद है, पिछड़े वर्ग के आरक्षण को हाथ लगाने नहीं देंगे। सपा शासन में पूर्वांचल में देशी कट्टा बनता था, अब ब्रह्मोस मिसाइल, तोप के गोले व अत्याधुनिक हथियार बन रहे हैं। पाकिस्तान पर वार करने में काम आएगा।

बोले- भाजपा सरकार में 18 घंटे बिजली आती है
कांग्रेस, सपा व बसपा राज में बम धमाके होते थे और कोई कुछ नहीं करता था। देश ने देखा कि उड़ी व पुलवामा में हमला हुआ तो मोदी ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवाद का खात्मा किया। यही नहीं, मोदी ने देश से नक्सलवाद समाप्त किया। यूपी में सपा-बसपा के दौर में माफिया परेशान करते थे। भाजपा सरकार आई तो मुख्यमंत्री योगी ने माफियाओं को उल्टा लटकाकर सीधा किया। भाजपा ने पूर्वांचल से मच्छर और माफिया को खत्म किया।

बूचड़खाने की जगह गोशाला बन रही हैं। वोट की ताकत है कि भाजपा सरकार में 18 घंटे बिजली आती है। कांग्रेस पिछड़ा विरोधी पार्टी है। केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि मोदी ने उत्तर प्रदेश में 14 एक्सप्रेसवे बनाए हैं। दो से नौ एयरपोर्ट हो गए हैं। 12 शहरों में मेट्रो चलाने का काम किया। 22 मेडिकल कालेज बन रहे हैं। दो एम्स बने हैं। 24 लाख हेक्टेयर सिंचाई पर का काम हुआ।

ट्रिपल आईटी, मेगा फूडपार्क बन रहा है। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का काम मोदी ने किया है। बलिया में मेडिकल कालेज एक साल में बनेगा। जिले में हुए विकास कार्यों की फेहरिस्त गिनाते हुए कहा कि बलिया में 75 हजार आवास बने हैं। दो लाख 20 हजार गैस सिलेंडर दिए हैं। चार लाख 23 हजार किसानों को सम्मान निधि दी गई है।

About News Desk (P)

Check Also

अखिल भारतीय परिसंघ ने संविदा सफाई कर्मचारियों को नियमित ना करने को असंवैधानिक बताया

लखनऊ। वंचित शोषित सामाजिक संगठनों के अखिल भारतीय परिसंघ के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चंदन लाल ...