झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। एनडीए में शामिल लोक जन शक्ति पार्टी ने झारखंड में अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी सांसद चिराग पासवान ने कहा कि लोजपा ने जिन सीटों की मांग की थी, उनमें से अधिकांश पर बीजेपी ने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। ऐसे में उनकी पार्टी झारखंड विधानसभा चुनाव अपने दम पर लड़ने के लिए तैयार है।
चिराग पासवान ने कहा कि लोजपा इस बार ‘टोकन’ के रूप में दी जाने वाली सीटों को स्वीकार नहीं करेगी। चिराग पासवान ने कहा कि लोजपा झारखंड की 50 सीटों पर अकेले दम पर चुनाव लड़ने को तैयार है और आज (12 नवंबर 2019) शाम तक पार्टी के उमीदवारों की पहली सूची का ऐलान कर दिया जाएगा जाएगा।
चिराग पासवान लगातार दो बार से बिहार की जमुई लोकसभा सीट से सांसद हैं। हाल ही में पार्टी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। चिराग पासवान ने सोमवार को भी झारखंड में अकेले चुनाव लड़ने की अपनी मंशा जाहिर की थी। झारखंड में एलजेपी अब तक बीजेपी की अगुवाई वाले गठबंधन एनडीए का हिस्सा थी। एलजेपी ने झारखंड में एनडीए के सहयोगी के तौर पर छह सीटें मांगी थीं, लेकिन रविवार को बीजेपी ने अपने 52 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी थी। इसके बाद ही सोमवार को चिराग पासवान ने कह दिया था, ‘हम झारखंड में अकेले चुनाव लड़ने को तैयार हैं।’ चिराग ने कहा था कि उनकी पार्टी इस बार टोकन के रूम में दी गई सीटों को स्वीकार नहीं करेगी।