Breaking News

भाजपा जनादेश का सम्मान नहीं करना चाहती : अखिलेश यादव

लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुये कहा कि पंचायत अध्यक्षों के नामांकन को अलोकतांत्रिक तरीके से रोके जाने से चुनाव की निष्पक्षता एवं पवित्रता नष्ट हुई है। श्री यादव ने रविवार को कहा कि वाराणसी एवं गोरखपुर में जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव में भाजपा बुरी तरह पराजित हुई थी, ऐसे में उनके अध्यक्षों का निर्विरोध निर्वाचन एक चमत्कार से कम नहीं है। धन बल-छल बल और सत्ता बल का ऐसा अनैतिक खेल सत्ता लोलुप भाजपा ने खेलकर साबित कर दिया है कि वह जनादेश का सम्मान करना नहीं चाहती है, उसका इरादा उसको कुचलने का रहता है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वास्तव में भाजपा ने पिछले साढ़े चार वर्षों में जनता को हर कदम पर धोखा दिया है। जनसामान्य के उपयोग की सभी वस्तुएं इस भाजपा राज में मंहगी हुई है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हुई है। कोरोना संक्रमण में हजारों जाने गईं और इलाज, दवा के अभाव में लोग तड़पते रहे। उन्होने कहा कि किसान अपनी मांगो को लेकर आंदोलनरत हैं। भाजपा सरकार किसानों की मांगों पर विचार करने के बजाय उन्हें अपमानित कर रही है। नौजवानों के पास नौकरी और रोजगार नहीं है। प्रदेश में विकास परियोजनाएं ठप्प हैं। भाजपा सबसे बदला लेने के काम में लगी है। चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। भाजपा के अंधेर राज में कालाधन का चलन चरम पर है।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा नेतृत्व और उसकी सरकार की राजनीति सत्ता के इर्द-गिर्द ही घूमती है। जनहित और नैतिक मूल्यों के प्रति उसकी दिलचस्पी नहीं दिखती है जबकि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। भाजपा का चरित्र संविधान की रक्षा की शपथ और लोकतंत्री आचरण के विरुद्ध है। लोकतंत्र को नकारना भाजपा को बहुत मंहगा पड़ेगा। 2022 में जनता पूरा हिसाब लेगी।

About Samar Saleel

Check Also

सीएमएस में दो-दिवसीय इण्टर-स्कूल रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप प्रारम्भ

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल राजाजीपुरम द्वितीय कैम्पस के तत्वावधान में आयोजित दो-दिवसीय इण्टर-स्कूल रोलर स्केटिंग ...