Breaking News

भाजपा लोकतंत्र और संविधान को खत्म करना चाहती है : अखिलेश यादव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज फिरोजाबाद, मैनपुरी में सघन चुनाव प्रचार किया। उन्होंने फिरोजाबाद में नसीरपुर, पीड़ी जैन इंटरकालेज ग्राउण्ड, मुस्तफाबाद खाली ग्राउण्ड, ठाकुर वीरी सिंह महाविद्यालय ग्राउण्ड में कार्यकर्ता सम्मेलन कर जहां सिरसागंज, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद, जसराना और टूण्डला विधानसभा के मतदाताओं तक अपनी बात पहुंचाई।

वहीं जिला मैनपुरी में चापरी तिराहा, घिरोर करहल रोड, कुरावली, आदर्श इंटर कालेज ग्राउण्ड, नेशनल डिग्री कालेज में कार्यकर्ता सम्मेलन कर विधानसभा करहल, कुरावली, किशनी तथा भोगांव के मतदाताओं से सपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। श्री यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव उत्तर प्रदेश बचाने का चुनाव है, किसानों को सम्मान दिलाने का चुनाव है।

गरीबों को न्याय और हक दिलाने का चुनाव है। भाजपा लोकतंत्र और संविधान को खत्म करना चाहती है। भाजपा सरकार धीरे-धीरे सभी सरकारी संस्थानों को बेच रही है। यह आरक्षण खत्म करने की साजिश है। जब सरकारी संस्थान नहीं रहेंगे तो संविधान के अनुसार हक और सम्मान कैसे मिलेगा। नौजवानों को नौकरियां कहां मिलेंगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि पहले और दूसरे चरण में भाजपा का सफाया हो चुका है। तीसरे चरण में भाजपा शून्य हो जाएगी। चौथे चरण के बाद समाजवादी पार्टी की प्रदेश में सरकार बन जाएगी। श्री यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने किसानों, नौजवानों, पिछड़ों, दलितों, व्यापारियों का अपमान किया है। भाजपा जातीय जनगणना नहीं कराएगी। यह समाज में झगड़ा लगाने और लड़ाने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार आने पर जातीय जनगणना कराकर सभी लोगों को उनके आबादी के अनुपात में हक और सम्मान दिलाएंगे।

सरकार के संरक्षण में माफिया और अपराधी क्रिकेट खेल रहे 

अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में माफिया और अपराधी क्रिकेट खेल रहे हैं। माफियाओं, अपराधियों को संरक्षण देने वाले खुद माफिया और अपराधी हैं। भाजपा सरकार में अपराध और भ्रष्टाचार दोगुना हो गया है। उद्योगपति बैंकों में जमा लोगों का पैसा लेकर विदेश भाग रहे हैं। इसकी जिम्मेदार बीजेपी सरकार है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा सरकार बनने पर नौजवानों के लिए नौकरियां निकालेंगे। प्रदेश में ग्यारह लाख रिक्त पदों पर सरकारी नौकरी देंगे। 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। किसानों की फसल की खरीद एमएसपी पर होगी। किसानों को डीएपी और यूरिया दी जाएगी। ब्याज मुक्त कर्ज दिया जाएगा। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों से झूठे वादे किए। किसानों की आय दुगनी नहीं हुई। किसानों की फसलों की खरीद नहीं हुई है। खाद और बीज नहीं मिला। भाजपा सरकार में झूठे वादे किए।

भाजपा ने महंगाई और बेरोजगारी बढ़ा दी

भाजपा ने महंगाई और बेरोजगारी बहुत बढ़ा दी है। पेट्रोल डीजल और रसोई गैस के दाम बहुत बढ़ गए हैं। गरीब की गाड़ी नहीं चल पा रही है। श्री यादव ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के साथ-साथ नौजवानों के भविष्य का चुनाव है। भाजपा ने विकास रोक दिए हैं। पुलिस का कबाड़ा कर दिया है। कानून व्यवस्था खराब कर दिया है।

फिरोजाबाद के टूंडला विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के साथ संयुक्त रैली को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार ने नौजवानों किसानों को धोखा दिया है। नौकरी रोजगार का इंतजाम नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश से झूठ बोलने वालों की सरकार हटाना है। अन्याय और अत्याचार खत्म करना है। सपा सरकार बनने पर गरीबों को जब तक सरकार रहेगी तब तक राशन देंगे। भाजपा सरकार चुनाव को देखते हुए राशन दे रही है। समाजवादी पार्टी के साथ महान दल, राष्ट्रीय लोक दल, जस्टिस पार्टी सभी साथ हैं। समाजवादी पार्टी प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनाएगी और जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी।

गठबंधन की सरकार बनने पर विकास होगा

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का विधान सभा चुनाव देश की दिशा और दशा को तय करेगा। किसान राजनीति को तय करेगा। देश में झूठों की सरकार को हटाकर किसानों और नौजवानों की सरकार बनाना है। किसानों, नौजवानों, दलितों, पिछड़ों को नया नेतृत्व खड़ा करना है। जयंत चौधरी ने कहा कि प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में गठबंधन की सरकार बनने पर विकास होगा। भाजपा ने प्रदेश को पीछे धकेल दिया है। भाजपा नेताओं के पास झूठ के अलावा कुछ नहीं है। अगर दुनिया में झूठ का ओलंपिक हो तो सारे स्वर्ण पदक भाजपा के लोग जीतेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश का किसान न्याय मांग रहा है।

About Samar Saleel

Check Also

सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई, 12 करोड़ आंकी गई कीमत

Lucknow। मंडलायुक्त और नगर निगम लखनऊ के नगर आयुक्त गौरव कुमार (Municipal Commissioner Gaurav Kumar) ...