Breaking News

भाजपा की चुनावी रणनीति

  डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की रणनीति पर भाजपा का मंथन चल रहा है। संगठन और सरकार के दोनों इस दिशा में सक्रिय है। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में तीन दिन तक चुनावी तैयारियों का उत्सव दिखाई दिया। प्रदेश सरकार ने साढ़े चार पूर्ण होने पर विकास उत्सव का शुभारंभ किया था। इसका असर संगठन की बैठक में दिखाई दिया। इसमें मुख्यमंत्री,उप मुख्यमंत्री,मंत्री गण, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के अलावा प्रभारी व अनेक केंद्रीय मंत्री शामिल हुए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व भाजपा के चुनावी मंसूबे को बुलंद बनाता है। उनका नेतृत्व करिश्माई है। उनकी जीवनी प्रेरणा दायक है। इससे संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसके आधार पर उनके जीवन को समझने का अवसर मिला। राष्ट्र के लिए उन्होंने अपने परिवार का त्याग किया। वह पहले मुख्यमंत्री बाद में प्रधानमंत्री बने। इस प्रकार उच्च संवैधानिक स्थिति में उन्होंने बीस वर्ष पूर्ण किये। लेकिन इस रूप में भी सामाजिक सन्यासी के रूप में ही कर्तव्य का निर्वाह करते रहे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तो सन्यासी है। उन्होंने सन्यास के साथ समाज सेवा का समन्वय किया है। इस प्रकार केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ का नेतृत्व बेजोड़ है। अन्य पार्टियों में इनकी बराबरी का कोई नेता नहीं है। भाजपा को विश्वास है कि उत्तर प्रदेश चुनाव में मोदी और योगी के करिश्में का लाभ मिलेगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार द्वारा किये जा रहे विकास के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगें। भाजपा के पास एक ईमानदार,परिश्रमी नेतृत्व केन्द्र और प्रदेश में है। केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा किसान हित में अनेक योजनाओं का क्रियान्वयन चल रहा है। किसानों को सम्मान निधि प्रदान की जा रही है। पिछली सरकारों में यूरिया की किल्लत थी। इसके लिए किसानों पर लाठीचार्ज किया जाता था। नरेंद्र मोदी ने पिछली बार प्रधानमंत्री बनते ही यूरिया की नीम कोटिंग कराई। इससे यूरिया की कालाबजारी बन्द हुई।

इसके साथ ही यूरिया का उत्पादन बढ़ाया गया। इससे किसानों को सहज रूप में यूरिया उपलब्ध होने लगी। लंबित सिंचाई योजनाएं पूर्ण की गई। कृषि मंडियों को आधुनिक बनाया गया। न्यूनतम समर्थन मूल्य में अब तक की सर्वाधिक वृद्धि की गई। कृषि कानूनों के माध्यम से किसानों के अधिकार बढ़ाये गए। उनको लाभप्रद विकल्प उपलब्ध कराए गए। कृषि उत्पाद खरीद व्यवस्था को बिचौलियों से मुक्त बनाया गया। इससे किसानों को उपज का शत प्रतिशत लाभ मिलने लगा। यह धनराशि सीधे उनके खाते में पहुंचाई जा रही है। आज किसान लाभान्वित हो रहा है। गरीबों के लिए सरकार द्वारा मुफ्त आवास, शौचालय,स्वास्थ्य,शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किये गए है।

योगी आदित्यनाथ की सरकार द्वारा भ्रष्टाचार और अपराध पर जीरों टालरेंस की नीति का क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया। इससे देश विदेश के निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश करने के लिए आतुर है। सुशासन और विकास उत्तर प्रदेश की नई पहचान बन चुकी है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर हुई बैठक में पार्टी द्वारा चलाए जा रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों और अभियानों के संदर्भ में विस्तार पूर्वक चर्चा की गई। नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस सत्रह सितम्बर से पार्टी द्वारा सेवा एवं समर्पण अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत पूरे प्रदेश अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे है। प.दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती की पूर्व संध्या पर चौबीस सितम्बर को प्रदेश में बूथ स्तर पर कार्यक्रम चलाया जाएगा। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य की भाजपा सरकार के साढे़ चार वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश में संपर्क व संवाद के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

छब्बीस सितम्बर से दो अक्टूबर तक पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश भर में व्यापक जनसंपर्क का अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाया जाएगा। गांधी जयंती को प्रदेश में मंडल स्तर पर स्वच्छता का अभियान चलाया जाएगा। आगामी दिनों में पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे। सेवा एवं समर्पण अभियान के अंर्तगत चलने वाले स्वच्छता,पर्यावरण संरक्षण,प्लास्टिक मुक्त भारत सहित अन्य सेवा कार्य प्रभावी ढ़ग से संचालित किए जा रहे है। प्रदेश की सभी चार सौ तीन विधानसभा क्षेत्रों में प्रबुद्ध सम्मेलन सफलता के साथ सम्पन्न हुए है। पार्टी अब शिक्षक,चिकित्सक, अधिवक्ता,सीए आदि विभिन्न वर्गों के साथ संवाद करेगी।

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को लेकर भाजपा द्वारा प्रत्येक जिले में प्रदर्शनी लगाई गई है। जिसके माध्यम से उनके कार्यकाल की चुनौतियों, निर्णयों,सेवा व समर्पण के कार्यों को जनता के बीच दिखाया व पहुंचाया जा रहा है। इतने लंबे वर्षों से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और अब देश के प्रधानमंत्री के रुप में नरेंद्र मोदी जन कल्याण,सबका साथ सबका विकास।सबका विश्वास और अब सब के प्रयास से देश का गौरव बढ़ाने और देश सेवा में पूरे समर्पित भाव से लगे हुए हैं। इस प्रदर्शनी को लगाने का उद्देश्य भी यही है कि नई पीढ़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व व कृतित्व से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार प्रदेश के विभिन्न जनपदों का भ्रमण कर रहे है। वह बड़ी संख्या में योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण कर रहे है।

गोरखपुर में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांव,गरीब,नौजवान, महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए देश में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने देश में ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में एक नई क्रान्ति पैदा की है। इस योजना के दूसरे चरण का कार्य भी प्रारम्भ हो गया है। बिना भेदभाव हर गरीब को शासकीय योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। भारत के हर जरूरतमंद नागरिक को सुविधाओं का लाभ मिलना ही चाहिए। यही सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास है। यह सनातन भाव ही हमें दुनिया के समक्ष हमारी पहचान को विशिष्ट बनाता है। गोरखपुर में तीन दशक पहले खाद कारखाना बंद हो गया था।

प्रधानमंत्री के मार्ग दर्शन में गोरखपुर का खाद कारखाना अगले माह फिर से शुरू होगा। सकारात्मक सोच व राष्ट्रीय मूल्यों की सरकार देश के अन्दर रचनात्मक भाव के साथ आगे बढ़ती है। तभी विकास और इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेन्ट के विभिन्न कार्यक्रम क्रियान्वित होते है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने भारत को एक वैश्विक मंच प्रदान किया है। विश्व योग दिवस भारत की ऋषि परम्परा के प्रति श्रद्धा व सम्मान का भाव प्रकट करता है।  योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्मलीन गोरक्षपीठाधीश्वर महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज की बावनवीं पुण्यतिथि पर गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित किया। योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय धर्मेन्द्र प्रधान ने महंत दिग्विजयनाथ पार्क में युगपुरुष महंत दिग्विजयनाथ महाराज की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर दिग्विजयनगर काॅलोनी के महन्त दिग्विजयनाथ स्मृति द्वार का लोकार्पण तथा वाॅर्ड संख्या बारह में ब्रह्मलीन महन्त दिग्विजयनाथ पार्क के जीर्णोद्धार तथा सम्पर्क मार्ग की साइड पटरी के इण्टरलाॅकिंग कार्य का शिलान्यास भी सम्पन्न हुआ।

About Samar Saleel

Check Also

25 मीटर ऊंची हाईटेक चिमनी से नहीं उड़ेगी चिता की राख, मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर हो रहा काम

वाराणसी:  मोक्ष तीर्थ मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर 25 मीटर ऊंची हाईटेक चिमनी बनाई जाएगी ...