Breaking News

दिल्ली सरकार ने स्टेट टीचर्स अवार्ड 2022 से पिंकी सिंघल को किया सम्मानित

बीते 5 सितंबर, शिक्षक दिवस 2022 के शुभ अवसर पर दिल्ली के उप मुख्यमंत्री एवम शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने निगम विद्यालय ए सी ब्लॉक शालीमार बाग दिल्ली की मेहनती और कर्मठ अध्यापिका पिंकी सिंघल को इस वर्ष के राज्य शिक्षक पुरुस्कार से सम्मानित किया। पिंकी सिंघल पिछले 24 वर्षों से दिल्ली नगर निगम के शिक्षा विभाग को अपनी सेवाएं दे रही हैं। स्कूली बच्चों के साथ सदैव आत्मीयता का संबंध स्थापित करने वाली पिंकी सिंघल को 2015- 16 में जोनल बेस्ट टीचर अवार्ड और इसी वर्ष टेक महिंद्रा फाउंडेशन की तरफ़ से भी बेस्ट टीचर अवार्ड मिल चुका है।2019 में इन्हें दिल्ली नगर निगम की ओर से निगम बेस्ट टीचर अवार्ड से भी सम्मानित किया गया।

इनकी उपलब्धियों की यदि बात करें तो, साहित्य के क्षेत्र में इन्होंने अभूतपूर्व सफलता हासिल की है और अपनी मेहनत और जज्बे से अनेकों साहित्यिक प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता लेकर जीत दर्ज की। अध्यापिका को शिक्षण के साथ-साथ कविता लेखन, कहानी लेखन और और समसामयिक मुद्दों पर लेख लिखने का शौक है इन्होंने अनेक पुस्तकों का संपादन किया है एवं इनके अनेक साझा काव्य संग्रह कहानी संग्रह प्रकाशित हो चुके हैं।

देश के प्रतिष्ठित अखबारों और पत्र-पत्रिकाओं में इनके लेख और कविताएं नियमित रूप से प्रकाशित होती रहती है विभिन्न साहित्यिक मंच पर इन्होंने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन काव्य पाठ भी किया है। अपने विद्यालय के बच्चों के साथ अध्यापिका शिक्षण अधिगम की नवीनतम तकनीकों एवं शिक्षण सहायक सामग्रियों का प्रयोग करती हैं एवं हर संभव प्रयास करती हैं कि सभी बच्चों को अधिगम के अधिक से अधिक अवसर प्राप्त हो सकें और कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित ना रह पाए ।शिक्षा के क्षेत्र में इनके प्रयास अत्यंत सराहनीय है,जिस पर अब दिल्ली सरकार ने भी अपनी मुहर लगा दी है।

अत्यंत गौरव का विषय है कि अध्यापिका के प्रयासों को दिल्ली सरकार ने नई पहचान दी है एवं उन के मनोबल को बढ़ाते हुए उन्हें राज्य शिक्षक पुरस्कार,2022 से नवाज़ा है। अध्यापिका के अनुसार, राज्य शिक्षक पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार को पाना स्वयं में एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।

अध्यापिका अपने इस अवार्ड का पूरा श्रेय अपने विद्यालय के छात्रों को देती हैं। इनके अनुसार, इस पुरस्कार को पाने के बाद उनकी जिम्मेदारियां पहले से और अधिक बढ़ गई हैं जिनका वे हर संभव तरीके से निर्वहन करेंगी एवं शिक्षा के क्षेत्र में अपना अभूतपूर्व योगदान देंगी,साथ ही बच्चों की शिक्षा के लिए जितना संभव होगा,वे उससे कहीं अधिक करने का प्रयास करेंगी और पूरे तन मन धन से शिक्षा जगत को स्वयं पर गौरव करने का अवसर देंगी।

अध्यापिका दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री आदरणीय मनीष सिसोदिया, एवम शिक्षा विभाग के सभी पदाधिकारियों का इस प्रतिष्ठित अवार्ड के लिए धन्यवाद ज्ञापित करती हैं। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर अध्यापिका पिंकी सिंघल दुनिया के तमाम गुरुजनों एवम शिक्षकों को नमन करती हैं एवं अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित करती हैं।

About Samar Saleel

Check Also

श्रीलंका की जेल से रिहा हुए 5 भारतीय मछुआरे

चेन्नई। श्रीलंका नौसेना द्वारा हिरासत में लिए गए 5 भारतीय मछुआरों को बुधवार को भारत ...