Breaking News

मेट्रो में हुई अश्लील हरकत सोशल मीडिया पर वायरल होने पर जागी दिल्ली पुलिस

लाख कोशिशों और सुरक्षा इंतजामों के बाद भी मेट्रो में यात्रा करने वाले मनचले अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। हाल ही में घटी घटना ने तो मेट्रो में अश्लीलता की पराकाष्ठा ही पार कर डाली। यह अलग बात है कि पुलिस घटना को दबाने में जुटी रही, मगर पीड़िता ने आरोपी की फोटो खींच ली और उसे अदालत में घसीट ले आई। घटना को गले की फांस बनती देख अब दिल्ली मेट्रो पुलिस ने भी पड़ताल के नाम पर हाथ पांव मारने शुरू कर दिए हैं।

यह शर्मनाक घटना बुधवार शाम दिल्ली मेट्रो में घटी थी। बवाल तब मचा जब पीड़िता ने घटना के बारे में सोशल मीडिया पर सब कुछ वायरल कर दिया। पीड़िता दिल्ली से गुरुग्राम अपने घर लौट रही थी। घटनाक्रम के अनुसार, पीड़िता मेट्रो के कोच नंबर 7 में टू-सीटर वाली सीट पर बैठी हुई थी। पास ही एक मनचला खड़ा था, जो लगातार लड़की को घूरे जा रहा था।

पीड़िता द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल की गई जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने अश्लील हरकत कर रहे मनचले का किसी तरह से फोटो खींच लिया। आरोपी को सबक सिखाने के लिए पीड़िता घिटोरनी मेट्रो स्टेशन पर उतरकर थाने पहुंची। थाने वालों ने पीड़िता को भगा दिया। तब लड़की ने महिला हेल्पलाइन पर घटना की जानकारी दी। खुद के गले में फंदा फंसता देख घिटोरनी मेट्रो थाना पुलिस ने यौन उत्पीड़न व छेड़छाड़ आदि की धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज किया।

जानकारी के मुताबिक, घटना शाम छह बजे के आसपास यलो लाइन मेट्रो में घटी थी। मेट्रो पुलिस के मुताबिक आरोपी की उम्र करीब 25-26 साल के आसपास है। वहीं शिकायतकर्ता लड़की की आयु 24 साल है। पीड़िता दिल्ली में प्राइवेट जॉब करती है। पीड़िता ने पुलिस को जो फोटो दी है पुलिस उसी के सहारे आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। घटना को घटे दो दिन बीत चुके हैं। इस बाबत डीसीपी मेट्रो और दिल्ली पुलिस मुख्यालय प्रवक्ता की तरफ से अभी तक फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।

About Aditya Jaiswal

Check Also

महाराष्ट्र में चल रहे मोदी तूफान के सामने तिनके की तरह उड़ जाएगा उद्धव सेना, कांग्रेस और एनसीपी शरद पवार गठबंधन- डॉ दिनेश शर्मा

मुंबई। उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री सांसद डॉ दिनेश शर्मा ने कहा महाराष्ट्र में भाजपा ...