Breaking News

डाइटीशियन की सलाह- आहार में शामिल करें ये पांच चीजें, हार्ट की 40% समस्याओं से कर सकेंगे बचाव

हृदय रोगों की समस्या पिछले कुछ वर्षों में काफी तेजी से बढ़ी है, आश्चर्यजनक रूप से कम आयु के लोग न सिर्फ हृदय की बीमारियों के शिकार हो रहे हैं साथ ही इसके कारण मौत का जोखिम भी अधिक हो गया है। ज्यादातर शोध बताते हैं कि लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी इस रोग का एक कारक हो सकती है। समय पर इसपर ध्यान न देने के कारण हार्ट अटैक का जोखिम भी हो सकता है। हृदय स्वास्थ्य की बढ़ती दिक्कतों से बचाव के लिए आहार में सुधार करना जरूरी हो जाता है।

अमर उजाला से बातचीत में डाइटीशियन प्रियंका सहाय बताती हैं, जिस तरह से कम आयु के लोगों में हृदय रोगों की समस्या देखी जा रही है, ऐसे में जरूरी है कि हम समय रहते इसके खतरों को जानें और बचाव के उपाय शुरू कर दें। आहार में कुछ प्रकार की चीजों को शामिल करके हृदय को स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है।

क्या कहती हैं आहार विशेषज्ञ?

डाइटीशियन प्रियंका बताती हैं, हृदय को स्वस्थ रखने के लिए हमें निरंतर प्रयास करते रहने की जरूरत है। सिर्फ डाइट या लाइफस्टाइल में सुधार करके ही लाभ नहीं पाया जा सकता है, इसके लिए दोनों का सामंजस्य जरूरी है। अध्ययनों में पाया गया है कि कुछ चीजों को अगर नियमित आहार का हिस्सा बना लिया जाता है तो इससे लाभ मिल सकता है।

हृदय की 40 फीसदी तक बीमारियों के खतरे को कम करने में स्वस्थ और पौष्टिक आहार के सेवन से मदद मिल सकती है। आइए इस डाइट प्लान के बारे में जानते हैं।

हृदय को स्वस्थ रखने के लिए इन चीजों का आहार में शामिल किया जा सकता है-

  • हृदय स्वास्थ्य के लिए सबसे महत्वपूर्ण तत्व है, ओमेगा-3। ओमेगा-3 से भरपूर चीजों को आहार का हिस्सा बनाकर हार्ट की समस्याओं से बचाव कर सकते हैं। ओमेगा-3 स्वस्थ वसा का एक प्रकार है जो हृदय की गति को ठीक रखने और रक्तचाप को कंट्रोल रखने में मदद करता है। कुछ प्रकार के फैटी फिश, नट्स में ये भरपूर मात्रा में पाया जाता है।
  • हार्ट की समस्याओं से बचाव के लिए आहार में ऑलिव ऑयल को शामिल करना भी बहुत फायदेमंद है। ऑलिव ऑयल भी स्वस्थ वसा है जो हृदय के लिए आवश्यक एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होती है। रक्त वाहिकाओं को मजबूती देने और कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को कम करने में ऑलिव ऑयल का सेवन करना मददगार हो सकता है।
  • नट्स भी हृदय की सेहत को ठीक रखने के लिए बहुत आवश्यक माने जाते हैं। प्रतिदिन एक मुट्ठी अखरोट आपके कोलेस्ट्रॉल को कम कर सकता है। यह हृदय की धमनियों में सूजन को रोकने और हृदय की मांसपेशियों को मजबूत बनाने में भी आपके लिए सहायक है। अखरोट की ही तरह बादाम को भी डाइट में शामिल करना हार्ट के लिए लाभकारी है।
  • शोधकर्ताओं ने बताया कि आहार में शकरकंद को शामिल करना भी हार्ट के लिए लाभप्रद है। शकरकंद लो ग्लाइसेमिक इंडेक्स के साथ फाइबर, विटामिन-ए और लाइकोपीन से भी भरपूर होता है। हृदय रोगों के जोखिमों को कम करने और शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करने के लिए डाइट में शकरकंद को जरूर शामिल किया जाना चाहिए।
  • हार्ट की समस्याओं को कम करने में विटामिन-सी की भी बड़ी भूमिका रही है। मीठे और रसीले संतरे में कोलेस्ट्रॉल से लड़ने वाला फाइबर पेक्टिन होता है। इनमें पोटेशियम भी होता है, जो रक्तचाप को नियंत्रित करने में मददगार है। एक अध्ययन में पाया गया है कि दिन में 100 मिली संतरे का जूस पीना डायस्टोलिक रक्तचाप को कम करने में मदद कर सकता है जिससे हृदय स्वास्थ्य में लाभ मिलता है।

About News Desk (P)

Check Also

नीता अंबानी से काव्या मारन तक, ये हैं आईपीएल टीमों की सबसे अमीर महिलाएं

आईपीएल 2024 जारी है। आईपीएल में कई टीमो की ब्रांड वैल्यू करोड़ों में है। इन्हीं ...