Breaking News

पहले दिन का खेल खत्म, विदर्भ 31/3; मुंबई ने पहली पारी में 224 रन बनाए, शार्दुल फिर चमके

पिछले कुछ महीनों में जिस टूर्नामेंट में खेलने को लेकर कई विवाद हुए, उसका फाइनल मुकाबला रविवार से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शुरू हो चुका है। रणजी ट्रॉफी का खिताबी मुकाबला 41 बार के चैंपियन मुंबई और दो बार के चैंपियन विदर्भ के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। विदर्भ के कप्तान अक्षय वाडकर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली पारी में 224 रन बनाए। जवाब में विदर्भ की पहली पारी जारी है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक विदर्भ ने अपनी पहली पारी में तीन विकेट गंवाकर 31 रन बना लिए हैं।

शार्दुल ठाकुर ने ध्रुव शोरे को पवेलियन भेजा। वह खाता भी नहीं खोल सके। वहीं, धवल कुलकर्णी ने अमन मोखादे और करुण नायर को पवेलियन भेजा। अमन आठ रन बनाकर आउट हुए। वहीं, करुण खाता भी नहीं खोल सके। फिलहाल अथर्व तायदे 21 रन बनाकर और आदित्य ठाकरे खाता खोले बिना क्रीज पर हैं।

मुंबई की पहली पारी 224 रन पर समाप्त
मुंबई की शुरुआत अच्छी रही। पृथ्वी शॉ और भूपेन लालवानी ने पहले विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को यश ठाकुर ने तोड़ा। उन्होंने भूपेन को अक्षय के हाथों कैच कराया। वह 37 रन बना सके। इसके बाद हर्ष दुबे ने पृथ्वी को क्लीन बोल्ड किया। वह 46 रन बना सके। इन दो विकेट के बाद तो विकेटों की झड़ी लग गई। मुशीर खान छह रन, कप्तान अजिंक्य रहाणे सात रन, श्रेयस अय्यर सात रन और हार्दिक तमोरे पांच रन बनाकर आउट हुए। शम्स मुलानी 13 रन बनाकर आउट हुए।

रहाणे और श्रेयस फिर फ्लॉप
टीम इंडिया में वापसी की कोशिश में जुटे रहाणे और श्रेयस फिर फ्लॉप रहे। यह दोनों तमिलनाडु के खिलाफ रणजी सेमीफाइनल में भी फ्लॉप रहे थे। वहीं, शार्दुल ठाकुर ने एकबार फिर बल्ले से कमाल दिखाया और 69 गेंद में आठ चौके और तीन छक्के की मदद से 75 रन की पारी खेली। तनुश कोटियान आठ रन और तुषार देशपांडे 14 रन बनाकर आउट हुए। इस तरह मुंबई की पारी 224 रन पर सिमट गई। विदर्भ की ओर से हर्ष दुबे और यश ठाकुर ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, उमेश यादव को दो विकेट मिले। आदित्य ठाकरे ने एक विकेट लिया।

About News Desk (P)

Check Also

अंपायर से बहस करना विराट कोहली को पड़ा महंगा, लगा भारी जुर्माना

रॉयल चलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज विराट कोहली को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ ...