Breaking News

आरोग्य मेला व वैज्ञानिकों का अभिनन्दन

रिपोर्ट-डॉ. दिलीप अग्निहोत्री
डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

ग्रमीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के लिए योगी आदित्यनाथ ने आरोग्य मेलों की शुरुआत की थी। लेकिन कोरोना आपदा के कारण इसे रोकना पड़ा था। अब अनलॉक के समय इसे पुनः प्रारंभ किया गया। इस दूसरे चरण के आरोग्य मेले का शुभारंभ योगी आदित्यनाथ ने फर्रुखाबाद के संकिया में किया। यह संयोग है कि इस समय कोरोना बैक्सीन का अविष्कार भी भारतीय वैज्ञानिकों ने सफलता पूर्व कर लिया है। पूरी दुनिया में भारतीय वैज्ञानिकों की प्रशंसा हो रही है।

अनेक देश भारत से कोरोना बैक्सीन देने की गुहार लगा रहे है। आरोग्य मेलों के माध्यम से प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य परीक्षण पैथोलाॅजिकल जांच, स्वास्थ्य परामर्श,शिशु स्वास्थ्य व टीकाकरण सम्बन्धी जागरूकता एवं परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क गोल्डन कार्ड बनाने की सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। इसके पहले योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कोरोना बैक्सीन टीकाकरण कार्यकम की समीक्षा की। इसके दृष्टिगत उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया।

मुख्यमंत्री ने कोविड-19 से लड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के वैज्ञानिकों का अभिनन्दन किया। कहा कि भारत इकलौता ऐसा देश है, जहां कोविड-19 के लिए दो वैक्सीन तैयार किए गये हैं। उन्होंने कोरोना के खिलाफ जंग में सहयोग के लिए जनता का भी आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सबके प्रयासों से उत्तर प्रदेश कोरोना पर विजय प्राप्त करने में हर हाल में सफल होगा। जनता से कोरोना प्रोटोकाॅल का निरन्तर पालन करने की अपील भी की। कहा कि अभी भी मास्क लगाना,दो गज दूरी बनाए रखना अत्यन्त आवश्यक है।

समरसता आधारित आरोग्य मेला

योगी आदित्यनाथ ने सरकार की नीति का उल्लेख किया। कहा कि बिना भेदभाव के सभी लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। आरोग्य मेले भी इसी विचार के आधार पर आयोजित किये जा रहे है। आरोग्य मेले में बिना भेदभाव के शासन की योजनाओं का लाभ सभी को मिलेगा। जानकारी के अभाव में लोग योजनाओं से वांछित रह जाते हैं। सभी लोगों को लाभ पहुंचाना ही इसका उद्देश्य है।

प्रदेश में पिछली बार मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के पहले दिन एक लाख लोगों का इलाज हुआ था। इतनी बड़ी संख्या में लोगों का आना ही इस मेले की सफलता है। मेले के माध्यम से सभी बीमारियों के बारे में लोगों को जागरूक करने के साथ साथ कोरोना वैक्सीन के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाएगी।

प्रधानमंत्री का कुशल नेतृत्व

योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की। कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में देश कोरोना से सफलतापूर्वक मुकाबला करते हुए बचाव की स्थिति में आ चुका हैं। देश के वैज्ञानिकों ने कोरोना से बचाव के लिए दो वैक्सीन तैयार किए हैं। लोगों को कोविड-19 संक्रमण से बचाने के लिए अब टीका लगाया जा सकता है। उन्होंने देश के वैज्ञानिकों को कोरोना वैक्सीन बनाने के लिए बधाई दी।

इस मौके पर उन्होंने कोरोना वाॅरियर्स का अभिनन्दन भी किया। 16 जनवरी, 2021 से कोविड-19 वैक्सीनेशन की व्यवस्था की गई है। पहले चरण में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को यह वैक्सीन लगेगी,दूसरे चरण में सुरक्षा एवं राजस्व कर्मियों को इसके साथ जोड़ा जाएगा। तीसरे चरण में पचास वर्ष से अधिक आयु के लोगों और विभिन्न प्रकार की बीमारियों से ग्रसित व्यक्तियों को तथा चैथे चरण में शेष सामान्य लोगों को भी इस वैक्सीन का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा इस सम्बन्ध में की गई घोषणा का स्वागत करते हुए, उनका हृदय से अभिनन्दन किया।

कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन

प्रधानमंत्री के पिछले छह वर्षों के कार्यकाल के दौरान देश में एक नया परिवर्तन देखने को मिला है। आज योजनाओं की धनराशि सीधे लाभार्थी के खाते में भेजी जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पैंतीस लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। शौचालय आरोग्य का आधार है और नारी गरिमा का प्रतीक भी। इसके अन्तर्गत दो करोड़ इकसठ लाख लाभार्थियों को शौचालय का लाभ मिला है।

प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक सामुदायिक शौचालय का निर्माण किया जा रहा है। स्वयं सहायता समूह की एक महिला को सामुदायिक शौचालय के रख-रखाव के साथ जोड़ा जा रहा है। इस कार्य के लिए महिला को छह रुपए का मानदेय देकर रोजगार भी उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।

कृषि इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए पैकेज के तहत कृषि इन्फ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ किया जा रहा है। इसके अन्तर्गत कोल्ड स्टोरेज और भण्डारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। महिलाएं भी स्वयंसेवी समूह बनाकर कृषि क्षेत्र में योगदान कर सकती हैं। एफपीओ का गठन किया जा रहा है। जनसहभागिता से कृषि क्षेत्र में सुधार को तेजी से गति दी जा सकती है।

किसानों की आमदनी को दोगुना करने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। एक जनपद एक उत्पाद योजना के तहत यहां के प्रोडक्ट ने देश में अपनी नई पहचान बनायी है। यहां पर अनेक प्रकार के आलू पैदा होते हैं। आलू की पैदावार को बाजार तक पहुंचाने के लिए इसकी ब्राण्डिंग व मार्केटिंग की जाए। इस क्षेत्र में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जाएं। यहां पर कोल्ड स्टोरेज बनाने का कार्य किया जाए,समूह एवं एफपीओ बनाकर भी इस कार्य को किया जा सकता है।

About Samar Saleel

Check Also

लखनऊ को और बेहतर, और अधिक सुन्दर बनाने के लिये करें वोट- पंकज सिंह

• प्रबुद्ध वर्ग, चिकित्सकों, केमिस्टों और वरिष्ठ व्यापारियों के अनुरोध पर चाय पर चर्चा में ...