Breaking News

नाबालिग ने 2 बेटे पर लगाया रेप का आरोप मां को मारी गोली

पूर्वोत्तर दिल्ली के भजनपुरा में एक 16 साल की लड़की ने 50 साल की एक महिला को गोली मार दी। वारदात की सूचना के बाद नाबालिग को पकड़ लिया गया है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग ने 2021 में महिला के 25 साल के बेटे पर रेप का आरोप लगाया था और वह शख्स फिलहाल जेल में है। अधिकारियों ने बताया कि गोली लगने के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

शाम करीब साढ़े पांच बजे पुलिस को मिली सूचना

पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) संजय कुमार सेन ने कहा कि पुलिस कंट्रोल रूम को शाम करीब साढ़े पांच बजे भजनपुरा के घोंडा इलाके में गोली चलने की सूचना मिली। जब पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची, तो उन्हें बताया गया कि महिला को उसके एक परिचित नाबालिग ने गोली मारी है और पीड़िता को स्थानीय लोगों ने जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया है।

अस्पताल पहुंची पुलिस को जानकारी मिली कि महिला अपने घऱ के ग्राउंड फ्लोर पर किराने की दुकान चलाती है। जब महिला अपनी दुकान पर थी तब लड़की उसके पास आई, उसे गोली मारकर फरार हो गई। एक जांचकर्ता ने कहा कि लड़की को कुछ घंटे के भीतर पकड़ लिया गया और उसके द्वारा इस्तेमाल की गई देसी पिस्तौल बरामद कर ली गई है।

2021 में लड़की ने महिला के बेटे पर लगाया था रेप का आरोप 

अब तक कि जांच में सामने आया है कि लड़की ने आरोप लगाया था कि 2021 में महिला के बेटे ने उसके साथ बलात्कार किया था, जिसके बाद बलात्कार के आरोप और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (पोक्सो) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। 25 साल के आरोपी को तब गिरफ्तार कर लिया गया था और वह अब भी जेल में बंद है।

एक अन्य जांचकर्ता ने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि लड़की ने महिला को गोली क्यों मारी जबकि उसका बेटा पहले ही गिरफ्तार हो चुका था। जांच प्रारंभिक चरण में है और लड़की से लंबी पूछताछ के बाद मकसद स्पष्ट हो जाएगा। हम मकसद का पता लगाने के लिए महिला, उसके परिवार और आरोपी के परिवार से भी बात कर रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि लड़की के पास हथियार कैसे और कहां से आया?

About News Room lko

Check Also

हिंद-प्रशांत एवं पश्चिमी एशिया क्षेत्रों की स्थिति पर विचार-विमर्श

नई दिल्ली। विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर का बुधवार को तीन देशों का पांच दिवसीय ...