Breaking News

नवभारत मीडिया समूह के चेयरमैन विनोद माहेश्वरी का निधन, 79 वर्ष की उम्र में ली आखिरी सांस

मुंबई:  महाराष्ट्र के प्रतिष्ठित नवभारत समूह के चेयरमैन और मीडिया जगत की लोकप्रिय हस्तियों में शुमार विनोद माहेश्वरी का सोमवार को सुबह मुंबई में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे।माहेश्वरी परिवार के एक करीबी व्यक्ति ने बताया कि उनका स्वास्थ्य पिछले पांच दिन से ठीक नहीं था। शनिवार को उन्हें एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया था, जहां सोमवार को सुबह उन्होंने आखिरी सांस ली।

वे प्रखर पत्रकार एवं स्वतंत्र संग्राम सेनानी स्व. रामगोपालजी माहेश्वरी के पुत्र थे। वे अपने पीछे पत्नी श्रीरंगादेवी माहेश्वरी, पुत्र निमिष माहेश्वरी, पुत्रवधु अनुपमा माहेश्वरी, पौत्र वैभव माहेश्वरी, पौत्रवधु श्रृति माहेश्वरी, राघव माहेश्वरी एवं भरापुरा परिवार छोड़ गए हैं। नवभारत निकुंज, सिविल लाइंस, नागपुर स्थित निवास से शाम 5 बजे अंत्ययात्रा निकलकर मोक्षधाम घाट, काटन मार्केट जाएगी।

राजनीतिक दिग्गजों ने जताया शोक
माहेश्वरी के निधन पर भाजपा के नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “नवभारत समूह के अध्यक्ष विनोद माहेश्वरी जी के निधन का समाचार सुनकर अतीव दु:ख हुआ। उन्हें मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। मध्य भारत में नवभारत के माध्यम से उन्होंने हमेशा लोगों की आवाज बुलंद की। पत्रकारिता के मुल्यों को हमेशा प्राथमिकता दी। कई दशकों से मेरा उनके साथ व्यक्तिगत स्नेह रहा है। उनके निधन से मैने एक करीबी मित्र खोया है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को संबल दे। ॐ शांति”

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पर लिखा, “नवभारत समूह के अध्यक्ष विनोद माहेश्वरी जी के निधन की सूचना अत्यंत ही दुःखद है। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल अनुयायियों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति दें।”

About News Desk (P)

Check Also

ममता बनर्जी ने किया बाढ़ग्रस्त इलाके पंसकुरा का दौरा, DVC का पानी छोड़ने के लिए केंद्र को ठहराया जिम्मेदार

कोलकाता:  पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मेदनीपुर के बाढ़ग्रस्त इलाके पंसकुरा का दौरा ...