Breaking News

27 अक्टूबर तक चलेगा एन.सी.सी का नौकायन एवं पुलिंग अभियान

3 यूपी नौसेना इकाई एन.सी.सी ग्रुप मुख्यालय लखनऊ की देखरेख में कानपुर से प्रयागराज तक चलेगा अभियान

लखनऊ। एनसीसी ग्रुप मुख्यालय लखनऊ के तत्वाधान में 3 यूपी नौसेना इकाई एनसीसी द्वारा कानपुर (धोरी घाट) से प्रयागराज (सरस्वती घाट) तक गंगा नदी पर नौकायन अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान छह जिलों क्रमशः कानपुर, उन्नाव, फतेहपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़ तथा प्रयागराज से होकर गुजरते हुए नदी मार्ग से लगभग 270 किलोमीटर की दूरी तय करेगा।

नदी के बहाव, मौसम और तेज हवाओं की अनिश्चितता के बीच इस बेहद चुनौतीपूर्ण अभियान में 35 लड़के तथा 25 लड़कियों सहित कुल 60 एनसीसी कैडेट भाग ले रहे हैं। अभियान में दो डी के व्हेलर्स बोट (भारतीय नौसेना द्वारा प्रयुक्त), एक असाॅल्ट बोट तथा दो बचाव नौकाएं प्रयोग में लाई जाएँगी।

इस अभियान को एन.सी.सी ग्रुप मुख्यालय, लखनऊ के ग्रुप कमाण्डर ब्रिगेडियर रवि कपूर ने धोरी घाट, कानपुर से झंडा दिखाकर रवाना किया। एन.सी.सी कैडेटों की इस प्रकार की साहसिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्रुप कमाण्डर द्वारा कैडेटों को इस अद्वितीय एवं चुनौतीपूर्ण अभियान के लिए भरपूर सहयोग प्रदान किया गया है। विगत वर्षों में, इस तरह के नौकायन अभियान प्रयागराज से वाराणसी तक आयोजित होते रहे हैं। हालांकि इस वर्ष यह पहली बार है कि लखनऊ एन.सी.सी के कैडेटों को प्रोत्साहित करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम के रूप में कानपुर से प्रयागराज तक अभियान आयोजित किया जा रहा है। आयोजन में उपस्थित ग्रुप कमाण्डर ने अभियान दल के समर्पण भरे प्रयासों की सराहना की तथा कैडेटों को सुरक्षित एवं सफल अभियान के लिए शुभकामनाएं दी।

नदी पर नौकायन एवं नाव खींचने के लिए कैडेटों में अत्यधिक बल, सहनशक्ति एवं प्रतिबद्धता के साथ-साथ विशेष नाविक एवं परिचालन कौशल की आवश्यकता होती है। अभियान की तैयारी को ध्यान में रखते हुए सभी प्रतिभागी कैडेट पिछले दो महीनों से गोमती नदी पर अभ्यास कर रहे हैं तथा सितम्बर माह में अभियान की तैयारी हेतु एक विशेष शिविर भी आयोजित किया गया था। अभियान में 3 (यू.पी.) नेवल यूनिट एन.सी.सी के कमांडिंग अधिकारी कैप्टन (भारतीय नौसेना) नवेंदु सक्सेना के नेतृत्व में निरीक्षण एवं सहायक दल के रूप में कार्यकारी अधिकारी ले. कमाण्डर अश्वनी सिंह, एक सहयोगी एन.सी.सी अधिकारी, 10 नाविक (पी.आई स्टाफ) तथा 3 यू.पी. नेवल यूनिट एन.सी.सी के प्रशिक्षित राज्यकर्मचारी भी हिस्सा लेे रहे हैं।

अभियान के घोषित उद्देश्य

एन.सी.सी कैडेटों में अच्छे चरित्र, एकता और अनुशासन की भावना उत्पन्न करना, जिससे कि वे एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित हों तथा राष्ट्र निर्माण मंे योगदान दे सकें।

यूवा कैडेटों को नाव चलाने, नौकायन एवं नाव खींचने का प्रशिक्षण देना तथा उन्हें नौसैनिक जीवन शैली से परिचित कराना।

नौका अभियान की कठिन परिस्थितियों में कैडेटों के बीच सौहार्द और नेतृत्व की भावना को विकसित करना एवं उनमें साहस और उद्यम की भावना को बढ़ावा देना।

अभियान का अतिरिक्त उद्देश्य स्थानीय आबादी, ग्रामीण समुदाय के बीच ‘‘कोविड टीकाकरण’’ एवं ‘‘ स्वच्छ गंगा मिशन’’ के राष्ट्रीय स्तर पर प्रासंगिक सामाजिक संदेशों का प्रसार करना भी है। एन.सी.सी कैडेटों द्वारा नागरिकों से संवाद कर सामाजिक संदशों को घर-घर तक पहुंचाने हेतु अद्वितीय जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। अभियान का समापन समारोह दिनांक 27 अक्टूबर प्रयागराज के सरस्वती घाट में आयोजित किया जायेगा।

   दया शंकर चौधरी

About Samar Saleel

Check Also

ऐशबाग-सीतापुर रेलखण्ड के मध्य चलाया गया संरक्षा जागरूकता अभियान

लखनऊ। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल में संरक्षा के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य हेतु मण्डल ...