महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की आज आखिरी तारीख है। दोनों ही राज्यों के मुख्यमंत्री के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्री और कई दिग्गज आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस दक्षिण-पश्चिमी नागपुर से, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर करनाल से अपना नामांकन दाखिल करेंगे, जबकि कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा भी हरियाणा के सांपला से अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
मालूम हो कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सीट में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नागपुर दक्षिण-पश्चिम विधानसभा महाराष्ट्र के नागपुर संसदीय क्षेत्र में आता है। सीएम फडणवीस ने नामांकन दाखिल करने से पहले नागपुर सांसद और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल नौ नवंबर को खत्म हो रहा है।
नामांकन के आखिरी दिन भाजपा ने कई दिग्गजों का टिकट काटा महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने नामांकन के आखिरी दिन उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी है। इस सूची में मंत्री विनोद तावडे का टिकट काट दिया है। साथ ही प्रकाश मेहता और राज पुरोहित समेत अन्य दिग्गजों को भी टिकट नहीं दिया है।
भाजपा द्वारा जारी इस सूची में काटोल से चरण सिंह ठाकुर, तुमसार से प्रदीप पटोले, नासिक पूर्व से राहुल ढिकाले, बोरिवली से सुनील राणे को टिकट दिया गया है। भाजपा नेता एकनाथ खडसे की बेटी रोहनी खडसे को मुक्ताई नगर से भाजपा ने मैदान में उतारा है। घाटकोपर पूर्व से पराग शाह विपक्षी पार्टियों को टक्कर देते हुए नजर आएंगे। भाजपा ने कोलाबा से राहुल नरवेकर को टिकट दिया है।