Breaking News

आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर 75 मीटर का झंडा लेकर व्यापारियों ने निकाली तिरंगा यात्रा, समूचे कस्बे में देशभक्ति गीतों की धुन पर निकली तिरंगा यात्रा

बिधूना। देश को आजाद हुए 75 वर्ष पूरे होने पर आजादी का अमृत महोत्सव मानाया जा रहा है। इसको लेकर कस्बे में व्यापारियों ने सोमवार को 75 मीटर का झंडा लेकर देशभक्ति गीतों की धुनों के साथ तिरंगा यात्रा निकाली। इस दौरान कस्बावासियों ने उत्साह के साथ भारी संख्या में तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग किया। इस दौरान व्यापारी हाथों में तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष करते हुए नजर आए।

आजादी के 75 साल पूरा होने पर क्षेत्र के युवाओं के साथ व्यापारी भी इस अमृत महोत्सव के जश्न में बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे है। अमृत महोत्सव को रोचक बनाने के लिए व्यापारियों ने सोमवार को डीजे साउंड के साथ कस्बा में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। भाजपा की पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं सांसद प्रतिनिधि रिया शाक्य ने रामलीला मैदान पर तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया।

तिरंगा यात्रा में 75 मीटर लंबे झंड़े के साथ युवाओं का हुजूम जब सड़क पर निकला तो समूचा कस्बा राष्ट्रभक्ति के नारों से गुंजायमान हो उठा। तिरंगा यात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर नदी तिराहा, दिबियापुर रोड, चंदरपुर रोड, लोहा बाजार, अछल्दा रोड से फीडर रोड, मुख्य चौराहे पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद भरथना रोड, किशनी रोड होती हुई करीब 2 बजे रामलीला मैदान पर पहुंचकर समाप्त हुई। जहां पर तिरंगा यात्रा में शामिल सभी कस्बावासियों ने राष्ट्रगान किया।

इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि रिया शाक्य ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से समय जब आजादी के दीवाने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ रहे थे तब उनके हाथ में तिरंगा होता था। कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों की बदौलत ही देश को आजादी मिली है। कहा कि यह तिरंगा हमारी आन बान शान का प्रतीक है।

व्यापार प्रतिनिधि मंडल अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि आज युवाओं व व्यापारियों का जो जन सैलाब तिरंगा यात्रा में दिख रहा है। उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि युवाओं में राष्ट्रवाद की भावना कूट-कूट कर भरी हुई है।

सर्राफा व्यापारी कृष्ण कुमार वर्मा ने कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि है आवश्यकता पड़ने पर हम इसके लिए कुर्बान हो जायें। आजादी की 75वीं वर्षगांठ हम लोग अमृत महोत्सव के रूप में मना रहे हैं। इससे लोगों में राष्ट्र प्रेम की भावना और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आजादी कैसे मिली और आजादी के लिए कुर्बानी देने वालों के बारे में बच्चे जाने, इसलिए बच्चों के साथ तिरंगा यात्रा निकल रही है।

तिरंगा यात्रा के दौरान कौशल पोरवाल, मनीष पोरवाल, कुनाल तिवारी, सौरभ तोमर, संजय गुप्ता, पप्पन तिवारी, शिवम् गुप्ता, मोनू गोयल, चंदन गुप्ता सहित कई सैकड़ा युवा, व्यापारी व कस्बावासी मौजूद रहे।

रिपोर्ट-शिव प्रताप सिंह सेंगर 

About Samar Saleel

Check Also

इटावा से भाजपा सांसद व प्रत्याशी रामशंकर कठेरिया के पक्ष में मुख्यमंत्री ने की जनसभा

• कल्याण सिंह के लिए संवेदना के शब्द नहीं निकले और माफिया के घर फातिहा ...