ब्रिटेन में नर्व एजेंट हमले को लेकर अमेरिका द्वारा नए प्रतिबंध लगाने से नाराज रूस ने इसे खारिज कर दिया है। हालांकि, इसके बावजूद उसने वाशिंगटन के साथ रचनात्मक संबंधों की उम्मीद जताई है।
अमेरिका के प्रतिबंध खारिज
अमेरिका द्वारा नए प्रतिबंध लगाने के बारे में रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने पत्रकारों को बताया कि नए प्रतिबंधों को हम पूरी तरह खारिज करते हैं। अमेरिकी प्रतिबंधों को हम पहले भी गैरकानूनी करार दे चुके हैं।
सैलिसबरी मामले में भी हमारा यही रुख है। हालांकि, ब्रिटेन ने इन प्रतिबंधों का स्वागत किया है। इससे पहले इस मामले में रूस पर नए प्रतिबंधों का एलान कर दिया। विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हीदर नॉर्ट ने कहा कि इसका मकसद अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन करते हुए रासायनिक या जैविक हथियारों का इस्तेमाल करने पर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सरकार को दंडित करना है।
रूसी बाजार में गिरावट
अमेरिकी सरकार की इस घोषणा से रूसी बाजार में गिरावट का रुख देखा गया। रूबल भी दो वर्षों के अपने न्यूनतम स्तर पर चला गया।उल्लेखनीय है कि इस साल मार्च में ब्रिटेन के सैलिसबरी में पूर्व रूसी जासूस सर्गेई स्क्रिपल और उनकी बेटी यूलिया पर नर्व एजेंट नोविचोक से हमला किया गया था।
इसके बाद एक ब्रिटिश दंपती पर भी नोविचोक से हमला किया गया। दोनों मामलों में ब्रिटेन ने रूस पर हमले का आरोप लगाया। हालांकि, रूस इससे लगातार इन्कार करता रहा है।