Breaking News

देश की पहली रैपिड रेल अगले महीने से होगी शुरू, सीएम योगी ने किया ऐलान

देश की पहली रैपिड रेल अगले महीने से शुरू होगी। पहले चरण में गाजियाबाद के साहिबाबाद से दुहाई के बीच रैपिड रेल का संचालन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद की चुनावी जनसभा में इसकी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दिल्ली से मेरठ पहुंचने में चार घंटे लगते थे। गाजियाबाद तो दिल्ली से सटा है, फिर भी जाम के चलते कई बार लोग दो घंटे में दिल्ली पहुंचते थे। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे शुरू होने से दिल्ली से मेरठ का सफर आसान हो गया है। अब अगले महीने से देश की पहली रैपिड शुरू हो जाएगी। रैपिड रेल दिल्ली से मेरठ की दूरी को बहुत कम कर देगी। पहले जिस दूरी को तय करने में चार घंटे लगते थे। अब वह मात्र 40 से 45 मिनट में तय हो जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गाजियाबाद की स्थिति स्वच्छ भारत सर्वेक्षण में सबसे अच्छी रही। गाजियाबाद यूपी का दूसरा ऐसा नगर निगम है, जिसने अपना म्युनिसिपल बॉन्ड जारी किया है। आज गाजियाबाद गंदगी का ढेर नहीं, बल्कि स्मार्ट सिटी है। सेफ सिटी बनने की ओर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बसपा और सपा की सरकारों में गाजियाबाद में अराजकता का माहौल था। पेशेवर अपराधी और माफिया अराजकता फैलाते थे। सपा और बसपा की सरकारें अवसरवादी थीं।

कोई हज हाउस के नाम पर पैसे खर्च करता था तो कोई कमीशन के नाम पर। दूसरी ओर हमने गाजियाबाद में मानसरोवर भवन बनाया। पूर्वांचल और उत्तराखंड भवन का निर्माण हो रहा है। ये सब पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ा रहे हैं। योगी ने कहा कि पिछले नौ साल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की छवि तेजी से बदली है। वैश्विक मंच पर आज भारत नेतृत्वकर्ता है।

 

About News Room lko

Check Also

सीएम योगी का रोड शो शुरू, झलक पाने को बेताब दिखे लोग, कड़े सुरक्षा इंतजाम

 मेरठ:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज मेरठ शहर में रोड शो आयोजित किया जा रहा ...