लखनऊ। लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने शनिवार को दिल्ली में देश के रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान महापौर ने उन्हें हरियाणा के मानेसर में आयोजित हुए राष्ट्रीय शहरी स्थानीय निकाय अध्यक्ष सम्मेलन की विस्तृत जानकारी दी और लखनऊ नगर निगम की प्रस्तुतियों तथा शहर के विकास कार्यों से भी अवगत कराया।
शहरी विकास और नवाचार पर हुआ मंथन
महापौर ने बताया कि यह सम्मेलन नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स (NIUA) में 4 और 5 जुलाई को आयोजित हुआ था, जिसमें देशभर के महापौर, पार्षद, जिला परिषद अध्यक्ष, शहरी नियोजन विशेषज्ञ और नगर विकास अधिकारी शामिल हुए। लखनऊ नगर निगम से महापौर के साथ-साथ पार्षद शैलेंद्र वर्मा और अपर नगर आयुक्त ललित कुमार ने भी इसमें भागीदारी की।
सम्मेलन के पहले दिन “शहरी विकास में स्थानीय निकायों की भूमिका”, “लोकतांत्रिक सशक्तिकरण में नगर निकायों का योगदान” और “शहरी प्रशासन में नवाचार” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। महापौर सुषमा खर्कवाल ने इस अवसर पर लखनऊ में किए गए कई नवाचारों की जानकारी साझा की, जिनमें कचरा प्रबंधन हेतु 1200 से अधिक इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग, स्मार्ट टॉयलेट्स, ओपन जिम, डिजिटल टैक्स प्रणाली, वॉटर एटीएम और नागरिक सहभागिता ऐप प्रमुख हैं।
लखनऊ में चला अतिक्रमण विरोधी अभियान, अवैध बैनर-पोस्टर और अस्थायी ढांचे हटाए गए
उन्होंने लखनऊ के शिवरी स्थित सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का भी उल्लेख करते हुए शहर को “जीरो वेस्ट सिटी” बनाने के प्रयासों को रेखांकित किया। महापौर ने सम्मेलन में 74वें संविधान संशोधन के पूर्ण क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया और कहा कि नगर निकायों को वित्तीय, प्रशासनिक और नीतिगत निर्णयों में अधिक स्वतंत्रता मिलना अत्यंत आवश्यक है।
महिला सशक्तिकरण पर प्रमुख वक्ता रहीं लखनऊ महापौर
सम्मेलन में “शहरी स्थानीय निकायों के माध्यम से महिला सशक्तिकरण” विषयक सत्र में महापौर सुषमा खर्कवाल मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित थीं। इस सत्र में लोकसभा सचिवालय की निदेशक श्रीमती रचना शर्मा एवं नगांव (असम) की अध्यक्ष श्रीमती अंबिका मजूमदार विशिष्ट अतिथि रहीं।
महापौर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की महिलाएं अब केवल निर्वाचित प्रतिनिधि नहीं, बल्कि नीतियों की दिशा तय करने वाली निर्णायक शक्ति बन चुकी हैं। उन्होंने बताया कि भारत में लगभग 46% पार्षद महिलाएं हैं जो शहरी विकास को एक मानवीय दृष्टिकोण प्रदान कर रही हैं। उन्होंने महिला प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण, बजट प्रक्रिया की समझ, तकनीकी ज्ञान और संस्थागत समर्थन देने पर बल दिया ताकि वे और अधिक प्रभावी नेतृत्व कर सकें।
रक्षा मंत्री ने की सराहना
महापौर ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ नगर निगम के प्रयासों की सराहना की और उन्हें भविष्य में नगर निकायों के सशक्तिकरण हेतु निरंतर कार्य करते रहने का मार्गदर्शन दिया। महापौर ने भी आश्वस्त किया कि लखनऊ को एक स्मार्ट, सतत और समावेशी शहर बनाने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करता रहेगा।