Breaking News

गंगा से फैलेगा ग्रीन ऊर्जा का संदेश, नमो घाट से रविदास घाट तक सीएनजी बोट रैली का होगा आयोजन

• इंडिया एनर्जी वीक 2023 के तहत गेल करेगा कार्यक्रम का आयोजन

• नमो घाट से रविदास घाट तक बोट रैली का होगा आयोजन

• केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री और प्रदेश के ऊर्जा मंत्री रैली को हरी झंडी दिखाकर करेंगे शुभारंभ

वाराणसी। गंगा के जरिए ग्रीन एनर्जी का संदेश प्रसारित करने के लिए रविवार को सीएनजी बोट रैली का आयोजन होगा। इस दौरान भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय से सम्बंधित विभागों की बोट रेस भी आयोजित होगी। इंडिया एनर्जी वीक 2023 के तहत गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (गेल) की तरफ से ‘काशी के रंग ऊर्जा के संग’ नाम से कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। रैली नमो घाट से रविदास घाट तक जाएगी। बोट रैली को प्रदेश के ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री एके शर्मा और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस रैली का मकसद है कि लोगों को ग्रीन एनर्जी के बारे में ज्यादा से ज्यादा जागरूक किया जाए। इसके साथ ही गंगा के नाविकों को सीएनजी के इस्तेमाल के लिए भी प्रेरित किया जाएगा, जिससे गंगा में प्रदूषण के स्तर को कम किया जा सके।

गंगा में 90 प्रतिशत नाव सीएनजी में कन्वर्ट हुईं

पीएम मोदी की हर योजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के अंदर हकीकत में बदल रहे हैं। इसी क्रम में काशी में उत्तर वाहिनी गंगा में अब ‘ग्रीन गंगा’ बहने को तैयार है। स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक डॉ डी वासुदेवन ने बताया कि गंगा में दुनिया में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर सीएनजी आधारित बोट चल रही हैं। गंगा में कुल 657 रजिस्टर्ड बोट चल रही हैं, जिसमें से 587 डीजल से संचालित नौकाओं को सीएनजी में परिवर्तित कर लिया गया है, जोकि करीब 90 प्रतिशत है। शेष बची नावों को इसी साल सीएनजी में कन्वर्ट कर लिया जाएगा।

काशी से दिया हर संदेश पूरी दुनिया में जाता है

गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के अधिकारियों के मुताबिक नमो घाट से रविदास घाट तक बोट रैली में सीएनजी युक्त 100 नौकाएं भाग लेंगी। साथ ही पेट्रोलियम मिनिस्ट्री से संबंधित विभागों की सीएनजी बोट रेस का भी आयोजन होगा। बोट रैली से जी-20 आयोजन के लिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। रैली में भाग लेने के लिए नाविक को फ़्री सीएनजी गैस भी दी जाएगी। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक रैली वाले दिन दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक नमो घाट से रविदास घाट तक नावों का संचालन बंद रहेगा। काशी से दिया गया हर संदेश पूरी दुनिया में जाता है, इसलिए इसबार गंगा से ग्रीन ऊर्जा का संदेश दिया जाएगा, जो अविरल, निर्मल गंगा की गूंज के साथ पूरी दुनिया में प्रसारित होगा।

रिपोर्ट-संजय गुप्ता

About Samar Saleel

Check Also

25 मीटर ऊंची हाईटेक चिमनी से नहीं उड़ेगी चिता की राख, मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर हो रहा काम

वाराणसी:  मोक्ष तीर्थ मणिकर्णिका और हरिश्चंद्र घाट पर 25 मीटर ऊंची हाईटेक चिमनी बनाई जाएगी ...