Breaking News

दिल्ली और नोएडा के बीच सफर होगा आसान , आज से खुल रहा आश्रम फ्लाईओवर

दिल्ली और नोएडा, गाजियाबाद के बीच सफर करने वालों को आज से राहत मिल सकती है। दो महीने से अधिक समय से बंद आश्रम फ्लाईओवर का सोमवार को उद्घाटन होने जा रहा है। इसके खुलने से दक्षिण दिल्ली में जाम की समस्या खत्म होने का अनुमान है।

इस फ्लाईओवर के शुरू होने से धौला कुआं से लेकर नोएडा तक का सफर सिग्नल फ्री हो जाएगा। फ्लाईओवर फिलहाल हल्के वाहनों के लिए खोला जा रहा है। बस तथा ट्रक की एंट्री फिलहाल इस फ्लाईओवर पर बंद रहेगी। पहली जनवरी से फ्लाईओवर को निर्माण कार्य के लिए बंद किया गया था। इसके शुरू होने की डेडलाइन 15 फरवरी ही थी, लेकिन पेडिंग कामों की वजह से शुरू होने की तारीख बार-बार बढ़ती रही।

1 जनवरी को आश्रम फ्लाईओवर को निर्माण कार्य के लिए बंद किया गया था। यहां आश्रम फ्लाईओवर को डीएनडी के नए हिस्से से जोड़ा जाना था। पहले 15 फरवरी तक इस कार्य को पूरा किया जाना था, लेकिन इस अवधि में यह कार्य खत्म नहीं हुआ।

इसके बाद 28 फरवरी को इसे वाहनों के लिए खोले जाने का दावा तत्कालीन पीडब्ल्यूडी मंत्री ने किया था, लेकिन यह तारीख भी फेल हो गई थी। हाल ही में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया था कि यह फ्लाईओवर बनकर तैयार हो चुका है। यहां पर थोड़ा काम बाकी है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने 6 मार्च को इसे खोले जाने की संभावना जताई थी।

सूत्रों ने बताया कि आश्रम फ्लाईओवर पर निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। फ्लाईओवर पर पेंट का काम भी लगभग पूरा कर लिया गया है। लाइट लगाने का काम भी जल्द ही पूरा होने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार को इसका उद्घाटन कर सकते हैं। इस फ्लाईओवर के खुलने से धौला कुआं से रिंग रोड के रास्ते डीएनडी तक बिना किसी लालबत्ती पर रुके पहुंचा जा सकेगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपनी एडवायजरी में कहा है कि आश्रम फ्लाईओवर 6 मार्च को शाम पांच बजे से खुल रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि डीएनडी से हल्के वाहनों के साथ आने वाले लोग, जिन्हें गुरुग्राम, चिराग दिल्ली, कालका जी, खानपुर, ग्रेटर कैलाश, साकेत, एम्स, आईएनए, सफदरजंग जाना है , वे बारापुला फ्लाइओवर की जगह आश्रम फ्लाईओवर का प्रयोग करें। इसके साथ ही सलाह दी गई है कि गुरुग्राम, चिराग दिल्ली, कालकाजी, खानपुर, ग्रेटर कैलाश, साकेत, एम्स, आईएनए, सफदरजंग और धौला कुआं की तरफ से आने वाले हल्के वाहन और सराय काले खां, गाजियाबाद, डीएनडी, नोएडा और ट्रांस यमुना एरिया की तरफ जाने वाले बारापुला फ्लाईओवर की जगह पर आश्रम फ्लाइओवर का प्रयोग करें।

About News Room lko

Check Also

भारत-फ्रांस ने की आतंकवाद रोधी सहयोग को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा

नई दिल्ली। आतंकवाद से निपटने के लिए भारत-फ्रांस संयुक्त कार्य समूह की 16वीं बैठक सोमवार ...