Breaking News

जय श्रीराम के गूंजे नारे, विहिप और बजरंग दल ने निकाली शौर्य यात्रा

मथुरा:  मथुरा में रविवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल की महानगर इकाई ने शौर्य यात्रा निकाली। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में भगवा ध्वज लेकर रामधुन पर नारेबाजी करते दिखे। शहर के मसानी चौक स्थित वेद मंदिर से शुरू हुई शौर्य यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए भरतपुर गेट पर संपन्न हुई। वहीं सुरक्षा-व्यवस्था के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।

इससे पहले मसानी स्थित वेद मंदिर पर संगठन के पदाधिकारी एकजुट हुए। यहां पर पदाधिकारियों ने अयोध्या में 6 दिसंबर 1992 को दिवंगत हुए कारसेवकों को याद किया। इस मौके पर विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सोहन सोलंकी ने कहा कि कारसेवकों की वजह से ही आज अयोध्या में भगवान श्रीराम भव्य मंदिर में विराजमान हैं। जिन लोगों ने सनातन परंपरा को बचाने के लिए जीवन त्यागा है उन्हें याद करना हमारा परम कर्तव्य है। उन्हीं सबकी स्मृति में यह शौर्य यात्रा निकाली जा रही है।

यात्रा में शामिल हुए विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि बांग्लादेश में जो कत्लेआम हो रहा है वह सही नहीं हो रहा। इसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विहिप के विभाग संगठन मंत्री उमाकांत ने कहा कि वर्तमान में समस्त हिंदू समाज को संगठित होने की आवश्यकता है। विहिप के महानगर अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल ने भी विचार रखे। इससे पहले संगठन के सोहन सोलंकी, मुकेश शुक्ला, दिग्विजय नाथ और कन्हैया लाल अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर शौर्य यात्रा का शुभारंभ किया।

कड़ी सुरक्षा में निकाली शौर्य यात्रा

शौर्य यात्रा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। सुरक्षा व्यवस्था के लिए सिटी सर्किल के 3 थानों की फोर्स शौर्य यात्रा के साथ-साथ चल रही थी। वहीं रास्तों में अलग-अलग जगह सुरक्षा कर्मी तैनात थे। वेद मंदिर से शुरू हुई शौर्य यात्रा के रास्ते में पड़ने वाली चौक बाजार मस्जिद पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। यहां मस्जिद के चारों तरफ तो पुलिस कर्मी तैनात थे, इसके साथ मस्जिद पर भी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। सुरक्षा व्यवस्था की कमान खुद एसपी सिटी अरविंद कुमार और सीओ सिटी प्रवीण मलिक ने संभाली।

About News Desk (P)

Check Also

इण्टरनेशनल टीचर्स ओलम्पियाड में सीएमएस शिक्षिका का उत्कृष्ट प्रदर्शन

लखनऊ। सिटी मोन्टेसरी स्कूल स्टेशन रोड कैम्पस की शिक्षिका प्राची अग्रवाल ने इण्टरनेशनल मैथ्स टीचर्स ...