Breaking News

मानदेय मांगा तो मिली नौकरी से निकालने की धमकी, मेडिकल कॉलेज में कर्मचारियों का प्रदर्शन

बदायूं:  बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज में तीन महीने से मानदेय न मिलने से परेशान 250 आउटसोर्स कर्मचारियों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी। प्राचार्य ने उनको नौकरी से निकालने की धमकी दी तो कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में प्राचार्य बैकफुट पर आ गए और उन्होंने ठेकेदार से फोन पर बात कर मानदेय दिलाने को कहा, तब कर्मचारी शांत हुए।

मेडिकल कॉलेज के करीब 250 आउटसोर्स कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से मानदेय नहीं मिला है। इसके लिए वह कई बार प्राचार्य से कह चुके हैं। हर बार प्राचार्य आश्वासन दे देते हैं। अब दीपावली का त्योहार करीब है। ऐसे में भी मानदेय मिलने की कोई सुगबुगाहट न देखकर कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। कर्मचारियों ने जमकर प्रदर्शन किया और प्राचार्य के धमकाने पर तीखी नोकझोंक भी हुई। कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया।

प्रदर्शन करने पर मिली धमकी
मंगलवार सुबह ड्यूटी पहुंचे कर्मचारी एकत्र होकर मेडिकल कॉलेज परिसर में धरने पर बैठ गए। हड़ताल करने की चेतावनी देने लगे थे। कर्मचारियों ने कहा कि तीन माह से मानदेय नहीं मिला है। परिवार का भरण पोषण कैसे करें। बिना पैसे के कैसे त्योहार मनाएंगे। प्रदर्शन करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। कर्मचारियों ने प्राचार्य पर भी गंभीर आरोप लगाए। प्राचार्य के खिलाफ एसएसपी को शिकायती पत्र भी दिया गया है।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ अरूण कुमार ने बताया कि कर्मचारियों को तीन माह से मानदेय नहीं मिला है। इसके लिए उन्होंने ठेकेदार से बात की। उन्हें चार्ज लिए अभी 10 दिन ही हुए हैं। ठेकेदार से बात कर हर माह वेतन दिलाने का प्रयास करेंगे। प्राचार्य ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि शासन से बात कर दीपावली से पहले मानदेय दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद कर्मचारियों ने प्रदर्शन खत्म किया।

About News Desk (P)

Check Also

महाकुंभ में शामिल हो सकते हैं 50 करोड़ श्रद्धालु, पर्यटन मंत्री बोले- 10 दिसंबर तक पूरे हो जाएंगे सारे काम

लखनऊ:  पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन महाकुंभ ...