Breaking News

आगरा में किसके सर सजेगा मेयर पद का ताज, मतगणना केंद्रों पर जम गए लोग

 आगरा नगर निगम चुनाव की मतगणना शुरू होने में कुछ ही घंटे शेष हैं। प्रत्याशियों के दिलों की धड़कन बढ़ गई हैं। प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत के दावे के साथ मतगणना केंद्रों पर जम गए हैं।

मतगणना शांतिपूर्ण और निष्पक्ष हो, इसके लिए सुरक्षा के कड़े इंतजामात किये गए हैं। मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रखी गई है। मतगणना केंद्र के चारों तरफ बैरिकेटिंग की व्यवस्था है। मतगणना स्थल को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है। आयोग के निर्देशों का पालन नहीं करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं। मालूम हो कि आगरा में पहले चरण के तहत चार मई को मतदान हुआ था।

आगरा मेयर के लिए चुनाव मैदान में कुल 10 उम्मीदवार हैं। इस बार भाजपा ने आगरा नगर निगम में हेमलता दिवाकर कुशवाह को महापौर पद का उम्मीदवार बनाया है। वह साल 2017 में आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की विधायक भी रह चुकी हैं। बसपा ने मेयर पद के लिए डॉ. लता वाल्मीकि को चुनाव मैदान में उतारा था। वहीं सपा ने जूही प्रकाश पर भरोसा जताया है। आम आदमी पार्टी ने सुनीता दिवाकर को चुनाव मैदान में उतारा है। मतगणना के पल-पल के नतीजों से अपडेट रहने के लिए जुड़े रहें लाइव हिंदुस्तान के साथ…

वहीं 100 वार्डों के पार्षदों के लिए 510 प्रत्याशी हैं। आगरा में नगर पालिका अध्यक्ष के लिए 33 और सभासद के 351 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 45 और सभासद के लिए 285 यानी कुल 1214 प्रत्याशियों के लिए मतगणना होगी। मेयर और पार्षदों के लिए मतगणना में 60-60 टेबल लगाए गए हैं। मेयर के मतों की गणना कुल 22 राउंड में होगी।

प्रशासन ने इस बार मेयर पद के प्रत्याशियों के लिए 60-60 और पार्षद पद के प्रत्याशी के लिए तीन-तीन मतगणना एजेंट बनाने के निर्देश जारी किए थे। सभी दलों ने मतगणना एजेंट बना दिए हैं। प्रत्याशी और उनके मतगणना एजेंट मतगणना स्थल पर मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। 100 मीटर के दायरे में मोबाइल प्रतिबंधित कर दिया गया है।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मेयर एवं पार्षद पद की 50 सीटों पर कांटे के मुकाबले के आसार बन रहे हैं। इस बार मेयर पद पर बसपा और भाजपा उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है।

 

About News Room lko

Check Also

मतदाताओं का बड़े दलों पर भरोसा कायम, इस बार साफ नहीं मिजाज, अब तक ये रहा है इतिहास

सीतापुर: संसदीय सीट सीतापुर के मतदाताओं ने आजादी के बाद से अब तक बड़े दलों ...