Breaking News

UP में जंगलराज के खिलाफ “आप” का 17 दिसंबर को विशाल प्रदर्शन : सभाजीत सिंह

लखनऊ। योगी सरकार में हो रहे गैंग रेप, हत्या और बदहाल कानून व्यवस्था के खिलाफ 17 दिसंबर (मंगलवार) को आम आदमी पार्टी विशाल विरोध प्रदर्शन करेगी। प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह के नेतृत्व में हजारों कार्यकर्ता बर्लिंगटन चौराहे पर स्थित पार्टी कार्यालय से चलकर जीपीओ हजरतगंज तक पैदल मार्च करते हुए योगी सरकार के खिलाफ हल्ला बोल करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने बयान जारी कर कहा कि उन्नाव, कानपुर, झांसी, बदायूं, मैनपुरी, कासगंज, एटा, चित्रकूट सहित प्रदेश के सभी जनपदों में महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। मौजूदा प्रदेश सरकार में पुलिस चौकी और थाने भी महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं रह गए हैं, प्रदेश में जंगलराज चरम पर है। महिलाओं के साथ हो रही दरिन्दगी के खिलाफ प्रदेश की जनता में बेहद आक्रोश है।

योगी सरकार को शर्म आनी चाहिये कि माननीय सर्वोच्य न्यायालय ने भी प्रदेश में जंगलराज की बात कही है। छात्राओं ने स्कूल, कॉलेज जाना बंद कर दिया है क्योंकि छात्राएं डरी, सहमी हुई है। मुख्यमंत्री योगी प्रदेश को अपराध मुक्त बनाने की बात कहते रहते है लेकिन वास्तविकता में योगी सरकार अपराधियों को सजा दिलाने के बजाय उनको संरक्षण देने का काम करती रही है जिसकी वजह से अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की असुरक्षा और ध्वस्त कानून व्यवस्था पर आम आदमी पार्टी चुप नहीं बैठेगी। 17 दिसंबर को योगी सरकार के खिलाफ पार्टी के हजारों कार्यकर्ता हल्ला बोल कर विरोध प्रदर्शन करेंगे इसके बाद पार्टी चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी।

About Samar Saleel

Check Also

इंदिरानगर की समस्याओं पर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को किया तलब

• इंदिरानगर के वार्डों में सबसे पहले एंटी लार्वा छिड़काव, सफाई, फॉगिंग, कूड़ा उठान के ...