Breaking News

विवाद के बाद घर पर चढ़कर किया हमला, हमले एक व्यक्ति की मौत जबकि दो महिलाओं समेत चार घायल

औरैया / बिधूना। तहसील के थाना अछल्दा क्षेत्र के गांव दयाराम पुर्वा में पुरानी रंजिश को लेकर दिन में हुए विवाद के बाद देर रात्रि एक पक्ष ने हथियारों से लैस होकर दूसरे पक्ष पर हमला बोलकर जमकर मारपीट की जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गयी। जबकि दो महिलाओं समेत चार परिजन घायल हो गए। एक गंभीर घायल युवक को रिम्स सैंफई के लिए रेफर किया गया है। आईजी रेंज व पुलिस अधीक्षक ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है।

जानकारी के अनुसार अछल्दा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बंशी के मजरा दयाराम पुर्वा में रविवार को दिन में सुरेश बाबू व कन्हैया के पक्ष में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद दोनों पक्ष अपने घरों में चले गये। जिसके बाद रात्रि करीब 10 एक पक्ष के राजेन्द्र कुमार पुत्र नाथूराम, अनिल कुमार पुत्र राजेन्द्र कुमार, सुरेन्द्र कुमार पुत्र नाथूराम, बीरेन्द्र कुमार पुत्र नाथूराम, छोटू पुत्र सुरेन्द्र कुमार, श्याम कुमार पुत्र कमलेश कुमार, अंशू पुत्र कमलेश कुमार, कन्हैया पुत्र श्रीकृष्ण, विकास पुत्र श्रीकृष्ण, राहुल पुत्र नारायण आदि हाथों में एक नाली बंदूक, धारदार हथियार कांता, कुल्हाड़ी, आरी व लाठी डंडे लेकर आये और गाली-गलौज करते हुए सुरेश बाबू व उनके परिजनों पर हमला बोल दिया और जमकर मारपीट कर दी।

जिससे सुरेश बाबू, उनकी पत्नी रेखा देवी, पुत्र राजकुमार उर्फ सोनू व श्रवन कुमार एवं श्रवण कुमार की पत्नी रेखा देवी घायल हो वहीं गिर गयीं। जिसके बाद हमलावर मौके से भाग गये। परिजन व गांव के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और रात्रि में ही सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अछल्दा ले आये जहां चिकित्सक गौरव कुमार ने सुरेश बाबू को मृत घोषित कर दिया है। जबकि घायल राजकुमार उर्फ सोनू को गंभीर हालत में रिम्स सैंफई के लिए रेफर कर दिया।

मृतक के पुत्र श्रवन कुमार ने 10 नामजद व अन्य अज्ञात के विरुद्ध पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विपक्षियों ने अचानक बंदूक, धारदार हथियार व लाठी डंडों से लैस होकर हमला बोलकर उसके पिता समेत परिजनों की मारपीट की। इस दौरान किसी ने मेरे पिता की हत्या कर दी व भाई सोनू के सिर पर धारिया से प्रहार किया। जिससे उसकी हालत नाजुक है। बताया कि हमले से उसकी मां रेखा देवी, उसे व पत्नी रेखा को भी चोटें आयीं है।

थानाध्यक्ष ललित कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर पर 10 नामजद समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु रात्रि से ही दबिश दी रही हैं।

घटना के संबंध में पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बताया कि ग्राम पंचायत बंशी के मजरा दयाराम पुर्वा में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार को दिन दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। जिसे शांत करा दिया गया था। रात्रि में शराब आदि पीकर दोनों पक्षों में फिर विवाद हुआ और लाठी डंडे चले। जिसमें एक पक्ष के चार लोग घायल हो गये थे। मौके पर पहुंची पीआरबी ने घायलों को सीएचसी अछल्दा में भर्ती कराया।

जहां सुरेश बाबू को मृत घोषित कर दिया गया जबकि उनके पुत्र सोनू के हेड इंजरी होने के कारण रेफर किया गया है। जबकि मृतक की पत्नी रेखा देवी, पुत्र श्रवन कुमार व उसकी पत्नी रेखा देवी को मामूली चोटें आयीं है। बताया कि मौके पर मेरे व आईजी रेंज कानपुर द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। बताया कि टीमें गठित कर पांच नामजद व दो अज्ञात हमलावरों को गिरफ्तार किया है, शेष आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

रिपोर्ट-संदीप राठौर चुनमुन/राहुल तिवारी 

About Samar Saleel

Check Also

कॉलोनाइजर ने सिंचाई विभाग की टीम को बनाया बंधक, जूतों से पीटा; अवैध पुलिया ढहाने के दौरान वारदात

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में रजवाहा पर अवैध पुलिया ढहाने गए सिंचाई विभाग के ...