Breaking News

पिछड़ों को लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित करने की साजिशें रच रही भाजपा : अखिलेश यादव

लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी की ओर से आज संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पार्टी मुख्यालय, लखनऊ सहित देश-प्रदेश स्तर पर मनाई गई और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ घरों, सार्वजनिक स्थलों तथा बाबा साहेब की प्रतिमाओं के निकट दीप जलाकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। पश्चिम बंगाल में भी समाजवादी पार्टी कार्यालय में डॉ. साहब के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर चर्चा की गई।


सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पर अपनी भावांजलि देते हुए कहा है कि डॉ. साहेब के जन्मदिन पर संविधान रक्षा के संकल्प के साथ दीपावली कार्यक्रम को संकीर्णता में नहीं बांधना चाहिए। समाजवादी पार्टी का उद्देश्य वंचित लोगों में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना और उनके अंदर ज्ञान एवं स्वाभिमान को प्रकाशवान बनाना है। आज का दिन प्रत्येक शोषित, पिछड़े और वंचितों का पर्व है। इससे संविधान के लिए प्रतिबद्धता का भी निश्चिय झलकता है।

श्री यादव ने कहा कि इधर भाजपा राज में दलितों, वंचितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों पर संकट गहराता जा रहा है। इन तमाम वर्गों को लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित करने की साजिशें चल रही है। समाजवादी पार्टी ने आज के दिन जनता को एकाधिकारी मानसिकता के वास्तविक खतरे से सावधान किया है।

समाजवादी पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। राजेन्द्र चौधरी राष्ट्रीय सचिव, नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष, अरविन्द कुमार सिंह कार्यालय प्रभारी, उदयवीर सिंह एवं रामवृक्ष सिंह यादव सदस्यगण विधान परिषद ने भी अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

About Samar Saleel

Check Also

लुलु मॉल ने ऑटिज़्म दिवस के अवसर पर लखनऊवासियों को किया जागरूक

Lucknow। लुलु मॉल लखनऊ (Lulu Mall Lucknow) ने फंटूरा और जीनियसलेन (Funtura and Geniuslane) के ...