लखनऊ। मोहर्रम और गणेश पूजा त्यौहार के मद्देनज़र समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपना 9-10 सितम्बर 2019 को रामपुर जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है,अब 13-14 सितम्बर 2019 को अगला कार्यक्रम प्रस्तावित है।
अखिलेश यादव ने डा. लोहिया सभागार लखनऊ में एकत्र सैकड़ों कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने देशवासियों को बुरी तरह निराश किया है। राज्य सरकार के ढाई वर्ष तथा केन्द्र सरकार के पांच साल और 100 दिन के रिपोर्टकार्ड में परिणाम शून्य के अतिरिक्त कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के लिए खुशहाली और जीवन में बदलाव लाने के लिए होती है लेकिन भाजपा सरकार तो दूसरों को दुःख और परेशानी बांट रही है। भाजपा को सत्ता का दुरूपयोग करने में कोई संकोच नहीं, यह अनैतिक है।
देश की अर्थव्यवस्था गर्त में
श्री यादव ने कहा कि भाजपा में सपना दिखाने की बड़ी ताकत है। भाजपा नेता बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। जमीनी वास्तविकता से उनका कोई लेना देना नहीं है। देश की अर्थव्यवस्था गर्त में जा रही है। विकास दर में गिरावट है लेकिन प्रधानमंत्री जी 5 ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था का राग अलाप रहे हैं। भारत प्रगति में बहुत पीछे चला गया है। भाजपा समाज को बांटकर राजनीति करना चाहती है।
नौजवानों का भविष्य अंधेरे में
अखिलेश यादव ने कहा विकास और प्रगति के लिए आवश्यक है कि कानून व्यवस्था ठीक हो पर यहां तो कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज ही नहीं रह गई है। आए दिन हत्या, लूट, अपहरण के काण्ड हो रहे हैं। महिलाएं अपमानित हो रही है। बच्चियों तक से दुष्कर्म की खबरें आ रही हैं। किसानों के साथ अन्याय हो रहा है। नौजवानों का भविष्य अंधेरे में है। उन्होंने पूछा राज्य में कहां कितना निवेश हुआ है? भाजपा सरकार ने तो बच्चों का खाना तक छीन लिया। उनको दूध, फल की जगह सूखी रोटी-नमक बांटा गया। इसे दिखाने पर केस दर्ज कर लिया गया।
लोकतंत्र पर भाजपा का भरोसा नहीं
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी सरकार ने जो सुविधाएं दी थीं, भाजपा ने उन्हें रोक दिया। एक्सप्रेस-वे समाजवादियों ने जनता की सुविधा के लिए बनवाया था, इसी ने मेट्रो भी चलवाई। भाजपा राज में दूध का उत्पादन घटा है। समाजवादी सरकार ने यूपी डायल 100 नंम्बर की व्यवस्था लागू की थी। समाजवादी पेंशन योजना से 55 लाख गरीब महिलाओं को छह हजार रूपये का लाभ मिल रहा था, उसे बंद कर दिया गया। भाजपा अपनी नाकामी छुपाने को नए-नए मामले उठा देती है। प्रशासन का रवैया भी ठीक नहीं। सरकार इसमें शामिल है। कांग्रेस और भाजपा भी एक हैं। लोकतंत्र पर भाजपा का भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकभवन से अन्याय नहीं होना चाहिए। वहां जनता के साथ न्याय और विकास पर चर्चा होनी चाहिए। लोकतंत्र में शासन बदलता रहता है इसलिए भाजपा को रामपुर में झूठे केस लगाने तथा जौहर विश्वविद्यालय एवं मोहम्मद आजम खां के खिलाफ बदले की भावना से काम नहीं करना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी सन् 2022 में अकेले ही चुनाव लड़ेगी। समाजवादी पार्टी अपने काम और जनता के भरोसे पर चुनाव मैदान में उतरेगी। अतिवादी मानसिकता से अलग समाजवादी सबके हित में काम करते हैं। समाजवादी सामाजिक न्याय के पोषक हैं।