झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करीब एक महीने के बाद मंगलवार को अपना मंत्रिमंडल विस्तार कर रहे हैं। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू शाम चार बजे राजभवन के बिरसा मंडप में मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। सूत्रों के मुताबिक झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से चंपई सोरेन, जोबा मांझी, हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो और मिथिलेश ठाकुर को मंत्री बनना तय माना जा रहा है जबकि कांग्रेस की ओर से बन्ना गुप्ता और बादल पत्रलेख को मंत्री के तौर पर हेमंत कैबिनेट में शामिल किया जा रहा है।
वैसे, लातेहार से झामुमो विधायक बैद्यनाथ राम भी मंत्री बनने की दौड़ में बताए जा रहे हैं। ऐसे में तय है कि मिथिलेश ठाकुर या बैद्यनाथ राम में से कोई एक ही मंत्री बने।
इससे पहले 29 दिसंबर, 2019 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ कांग्रेस कोटे से आलमगीर आलम और रामेश्वर उरांव तथा राजद कोटे से सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली थी। हालांकि इन मंत्रियों को अब भी अपने विभागों का इंतजार है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा चुनाव में राजद, कांग्रेस और झामुमो गठबंधन बहुमत के साथ सत्ता में आई थी।