Breaking News

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ने दिया इस्तीफ़ा, ज्ञानेन्द्रो निंगोमबम को नई जिम्मेदारी

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने निजी और पारिवारिक कारणों से अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है। हॉकी इंडिया के कार्यकारी बोर्ड ने शुक्रवार को आपात बैठक कर मणिपुर के ज्ञानेन्द्रो निंगोमबम को मुश्ताक अहमद के स्थान पर कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त कर दिया।

हॉकी इंडिया को मुश्ताक अहमद का इस्तीफ़ा पत्र सात जुलाई को प्राप्त हुआ था जिसमें उन्होंने निजी और पारिवारिक प्रतिबद्धताओं का हवाला देते हुए अपना पद छोड़ने की पेशकश की थी। हॉकी इंडिया की आपात कार्यकारी बोर्ड बैठक में मुश्ताक मोहम्मद का इस्तीफ़ा मंजूर कर लिया गया है।

मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक खेल मंत्रालय ने पाया था कि 2018 में हुए चुनावों में अहमद ने कार्यकाल संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया था। इन चुनावों के बाद ही उन्होंने अध्यक्ष पद संभाला था। हॉकी इंडिया महासचिव राजिंदर सिंह को छह जुलाई को लिखे पत्र में मंत्रालय ने महासंघ से अध्यक्ष पद के चुनाव 30 सितंबर तक नए सिरे से कराने के लिए कहा है।

खेल संहिता के तहत राष्ट्रीय खेल महासंघ के पदाधिकारी लगातार दो बार ही पद पर आसीन हो सकते हैं, बाद में संशोधन के बाद केवल अध्यक्ष के लिए तीन कार्यकाल मान्य किए गए। अहमद के 2018 में अध्यक्ष बनने के बाद से इस मसले पर महासंघ और मंत्रालय के बीच विवाद है।

दिल्ली हाईकोर्ट को ओर से 57 खेल फेडरेशन को मान्यता नहीं दिए जाने के बाद खेल मंत्रालय ने राष्ट्रीय खेल संघों के खिलाफ सख्त रवैया अपनाया हुआ है। खेल मंत्रालय ने 6 जुलाई को पत्र भेजकर मुश्ताक अहमद को पद से इस्तीफा देने को कहा था। मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा था कि 2018 में उनका चुनाव नेशनल स्पोर्ट्स कोड की गाइडलाइन का उल्लंघन है।

वहीं, खेल मंत्रालय ने हॉकी इंडिया के महासचिव राजिंदर सिंह को 6 जुलाई को भेजे पत्र में अध्यक्ष पद के चुनाव 30 सितंबर तक नए सिरे से कराने के लिए कहा था।

About Aditya Jaiswal

Check Also

हरियाणा सब जूनियर राष्ट्रीय मुक्केबाजी में दोनों वर्गों में बना चैंपियन, कुल मिलाकर 19 पदक जीते

हरियाणा यहां मुक्केबाजी सब जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में लड़कों और लड़कियों दोनों में टीम खिताब ...