Breaking News

Happy Birthday: ढाई साल में बदली गई आयुष्मान खुराना की जिंदगी,ऐसे बने स्टार…

आयुष्मान खुराना को बर्थडे पर इससे अच्छा तोहफा शायद ही कोई और मिल सकता था। उनकी कल ही नई फिल्म ‘Dream Girl’ रिलीज हुई है और पहले दिन कमाई का आंकड़ा आज जारी हुआ है। पहले दिन इस फिल्म ने 10.05 करोड़ रुपए कमाए हैं, जो आयुष्मान के लिए रिकॉर्ड है। आज तक उनकी किसी फिल्म ने ऐसी ओपनिंग हासिल नहीं की है।

बड़े-बड़े स्टार ऐसी ओपनिंग के लिए तरसते हैं और आयुष्मान को भी इसे हासिल करने में काफी वक्त लगा। 2012 में उनकी पहली फिल्म ‘विक्की डोनर’ रिलीज हुई थी। इस हिसाब से उन्हें सात साल लगे इस मुकाम तक आने के लिए। ज्यादा पुरानी बात नहीं करें, 2017 में आई उनकी दो फिल्मों की ओपनिंग ही तीन करोड़ नहीं छू पाई थी।

2017 में ‘शुभ मंगल सावधान’ रिलीज हुई थी और इसे 2.71 करोड़ ही मिले थे। 2017 में ही ‘बरेली की बर्फी’ भी लगी और इसे तो 2.42 करोड़ रकम ही मिल पाई। दो साल में आयुष्मान ने अपनी फैन फॉलोइंग से इस ओपनिंग को चार गुना कर लिया है। वैसे बता दें कि 2017 में रिलीज हुई यह दोनों फिल्में हिट थीं।
खेल बदला 2018 में आई ‘अंधाधुन’ से। इस फिल्म को पहले दिन 2.70 करोड़ ही मिले थे लेकिन यह 70 करोड़ के पार निकली और आयुष्मान की सबसे बड़ी हिट बन गई। इस फिल्म से ही लोगों ने उन्हें अलग नजर से देखना शुरू किया। चीन में तो इस फिल्म ने इतिहास ही रच दिया और 400 करोड़ कमाए।

2018 में ही रिलीज हुई ‘बधाई हो’ को पहले दिन 7.53 करोड़ रुपए मिले। यह दशहरे पर रिलीज हुई थी और उस दिन गुरुवार था। इस फिल्म ने आयुष्मान को स्टार बना दिया। इस फिल्म ने 130 करोड़ से ज्यादा कमाई की। इसके बाद तो आयुष्मान की फिल्मों का इंतजार होने लगा। 2019 की पहले रिलीज के तौर पर वो ‘आर्टिकल 15’ में दिखे। यह काफी अलग रोल था और फिल्म भी। इसे अनुभव सिन्हा ने बनाया था। फिल्म हिट था और करीब 67 करोड़ इसने कमाए थे। इसे पहले दिन 5.02 करोड़ रुपए मिले थे।

पिछली रिलीज से ही तुलना की जाए तो ‘ड्रीम गर्ल’ की ओपनिंग डबल हुई है। Dream Girl को 10.05 करोड़ मिले, अब यह कितना आगे जाएगी, वीकेंड पर पता लगा जाएगा। उम्मीद है कि यह फिल्म शुरुआती तीन दिन में 40 करोड़ का आंकड़ा पार करेगी। ऐसा हुआ तो आयुष्मान के खाते में एक हिट और जुड़ेगी। यह उनकी ढाई साल में छटी हिट होगी। 2017 की ‘शुभ मंगल सावधान’ से यह गिनती शुरू होती है। 2500 से ज्यादा स्क्रीन्स पर ‘ड्रीम गर्ल’ को रिलीज किया गया है। इस फिल्म में आयुष्मान खुराना की हीरोइन नुसरत भरुचा हैं और पहली बार यह जोड़ी बनी है। अन्नू कपूर ने आयुष्मान के पिता के रोल में हैं। निर्देशक राज शांडिल्य हैं। इसे समीक्षाओं में भी तारीफ मिल रही है।

About Samar Saleel

Check Also

प्लास्टिक सर्जरी की अफवाहों पर सामने आया राजकुमार राव का बयान, बोले- आप मशहूर हैं इसलिए इसकी…

बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘श्रीकांत-आ रहा है सबकी आंखें खोलने’ ...