Breaking News

पुर्तगाल और स्पेन के दौरे पर मीनाक्षी लेखी

विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी इन दिनों पुर्तगाल और स्पेन के दौरे पर हैं, मीनाक्षी लेखी का ये दौरा 12 से 17 सितंबर तक रहेगा। दो देशों की यात्रा के दौरान मीनाक्षी लेखी 12 से 14 सितंबर तक पुर्तगाल में रहीं, यहां उन्होंने अपने समकक्ष पुर्तगाल के अंतरराष्ट्रीय मामले एवं सहयोग राज्य सचिव फ्रांसिस्को आंद्रे से मुलाकात की। मीनाक्षी लेखी ने पुर्तगाल के विदेश मंत्री ऑगुस्तो सांतोस सिल्वा और अंतरराष्ट्रीय राज्य सचिव युरिको ब्रिलहांते डियास से भी मुलाकात की। मुलाकात के बाद भारत और पुर्तगाल के बीच भारतीय नागरिकों को पुर्तगाल में काम करने के विषय पर एक द्विपक्षीय समझौता भी किया गया।

पुर्तगाल के संस्कृति मंत्री से मुलाकात: विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने पुर्तगाल के संस्कृति मंत्री ग्रासा दा फोंसेका और पुर्तगाली भाषा के देशों के समुदाय के कार्यकारी सचिव जकारियास डिकोस्टा से भी मुलाकात की। भारत जुलाई 2021 में CPLP में बतौर एसोसिएट ऑब्जर्वर के रूप में शामिल हुआ, भारत ‘लुसोफोन देशों’ के साथ अपने ऐतिहासिक संबंधों को और भी मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। लुसोफोन देश ऐसे राष्ट्र या नगर हैं जिन्होंने पुर्तगाली भाषा को आधिकारिक मान्यता दी है। भारत में भी गोवा में पुर्तगाली भाषा को राज्य की आधिकारिक भाषा का दर्जा मिला हुआ है।

लिस्बन में राधा-कृष्ण मंदिर में दर्शन: अपनी पुर्तगाल यात्रा के दौरान विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने राजधानी लिस्बन स्थित राधा-कृष्ण मंदिर जाकर भगवान के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है कि, ‘राधा-कृष्ण मंदिर ने महामारी के दौरान वैक्सीनेशन सेंटर के रुप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

द्विपक्षीय वार्ता में विज्ञान, तकनीक, व्यापार पर चर्चा: वहीं मीनाक्षी लेखी ने पुर्तगाल के अंतरराष्ट्रीय मामले एवं सहयोग के राज्य सचिव फ्रांसिस्को आंद्रे के साथ मुलाकात की जानकारी भी ट्वीट की, उन्होंने लिखा कि, ‘फ्रांसिस्को आंद्रे के साथ विज्ञान, तकनीक, व्यापार जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय चर्चा हुई।

15 सितंबर से स्पेन का दौरा: विदेश राज्य मंत्री श्रीमती मीनाक्षी लेखी पुर्तगाल के बाद स्पेन का दौरा करेंगी। मीनाक्षी लेखी 15 से 17 सितंबर तक स्पेन के दौरे पर रहेंगी। यहां स्पेन में मीनाक्षी लेखी अपने समकक्ष स्पेन के विदेश मामलों के राज्य सचिव श्री एंजेल्स मोरेनो बुआ के साथ-साथ स्पेन सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगी।

इस दौरान मीनाक्षी लेखी वालाडोलिड में ‘कासा डे ला इंडिया’ में ‘द बीटल्स एंड इंडिया’ एग्जीबिशन की शुरुआत करेंगी साथ ही स्पेन इंडिया काउंसिल फाउंडेशन के विकास एवं सहयोग पर अपनी बात रखेंगी। मीनाक्षी लेखी ICCR के पूर्व छात्रों और स्पेन में भारतीय समुदाय सहित इंडोलॉजिस्ट और इंडोफाइल्स के साथ भी बातचीत करेंगी।

मैत्रीपूर्ण संबंधों की नई गाथा: भारत के पुर्तगाल और स्पेन दोनों देशों के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। वैश्विक महामारी कोरोना के आने के बाद ये पहला मौका होगा जब भारत की तरफ से कोई प्रतिनिधि दोनों देशों स्पेन और पुर्तगाल का दौरा कर रहा है। मीनाक्षी लेखी का ये दौरा द्विपक्षीय संबंधों में नई ताजगी लेकर आएगा।

 शाश्वत तिवारी

About Samar Saleel

Check Also

संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका-रूस का टकराव तय, अंतरिक्ष में परमाणु हथियारों की दौड़ बनेगा मुद्दा, चर्चा आज

संयुक्त राष्ट्र अमेरिका ने रूस पर एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह ...