लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि प्रदेश की जनता ने अपने जनादेश से समाजवादी पार्टी को भाजपा का विकल्प मान लिया है। समाज के सभी वर्गों का समर्थन समाजवादी पार्टी के साथ है। इसी के फलस्वरूप ही जनता, कार्यकर्ताओं के सहयोग से समाजवादी पार्टी की सीटें और वोटिंग प्रतिशत बढ़ा है। चुनाव के तुरन्त बाद बढ़ती महंगाई, खराब कानून व्यवस्था और बढ़ते अत्याचार से भाजपा के विरुद्ध जनता की नाराजगी और बढ़ गई है।
उन्होंने कहा है कि भाजपा को संविधान और लोकतंत्र पर भरोसा नहीं है। वह छल-बल की राजनीति और धन-बल की ताकत की आजमाइश से सत्ता में बने रहना चाहती है। जिस तरह से भाजपा सरकार ने सरकार बनाई है वह किसी से छिपा नहीं है। ई.वी.एम से भाजपा को चुनावी जीत मिली है, नैतिक जीत समाजवादी पार्टी की है। भाजपा की ताकत पहले से घटी है। समाजवादी सरकार ने प्रदेश में जो बुनियादी ढांचा तैयार किया था, भाजपा ने उसे बर्बाद कर दिया। यूपी डायल 100 को अपराध नियंत्रण के लिए बनाया गया था। भाजपा ने इसे डायल 112 करके कानून व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्गति के फलस्वरूप कोविड़ से लाखों लोगों की मौतें हो गई भाजपा सरकार ने उनकी कोई मदद नहीं की। सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश की जनता बधाई की पात्र है। उसने 2022 चुनाव में अपने मत से भाजपा को सबक सिखाने का काम किया है। उसने प्रदेश की राजनीति में भाजपा के विकल्प के रूप में समाजवादी पार्टी को चुनकर देश की राजनीति में बदलाव का भी संकेत दे दिया है। राजनीति में अब एकाधिकारी ताकतों को मतदाता प्रश्रय नहीं देगा। वह समाजवाद, संविधान और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता समाजवादी पार्टी के साथ जाहिर करेगी। समाजवादी पार्टी अपनी भूमिका सक्रियता से निभाएगी
सपा अध्यक्ष ने दी होली पर्व की शुभकामनाएं
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्साह एवं उमंग के पर्व होली पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों एवं समुदायों के बीच भाई-चारा और मेल-मिलाप हो, यही इस पर्व की पवित्रता है। इस दिन को सांप्रदायिक सौहार्द तथा एकता के पर्व के रूप में मनाया जाना चाहिए। अखिलेश यादव ने देश व प्रदेशवासियों से कहा है कि समाज को तोड़ने वाली ताकतों को अलग-थलग करने के साथ अब सामाजिक सद्भाव और परस्पर विश्वास को मजबूत बनाने का संकल्प लेना होगा।
रिपोर्ट-दयाशंकर चौधरी