Breaking News

श्रमिक रोजगार का सेवा मित्र


रिपोर्ट-डॉ. दिलीप अग्निहोत्री
इस समय उत्तर प्रदेश में श्रमिक कामगार रोजगार के दृष्टिगत अनेक प्रयास चल रहे है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इसके लिए कटिबद्ध है। श्रमिक कामगार रोजगार आयोग गठित होने के बाद इसके आगे के कदम उठाए जा रहे है। इस क्रम में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग द्वारा मोबाइल एप आभा अर्थात आत्मनिर्भर भारत श्रम विभाग द्वारा रोजगार जंक्शन पोर्टल व सेवा मित्र मोबाइल एप का विकास किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं इसका प्रस्तुतिकरण देखा। उन्होंने देश के युवाओं, श्रमिकों कामगारों के रोजगार हेतु इंटीग्रेटेड व्यवस्था विकसित करने का निर्देश दिया।

एप व पोर्टल में अन्य राज्यों से वापस आये श्रमिकों व कामगारों सहित राज्य के सभी श्रमिकों व कामगारों के पंजीकरण की व्यवस्था होनी चाहिए। आभा आत्मनिर्भर भारत मोबाइल एप में स्किल मैपिंग की सुविधा के साथ श्रमिक कामगार के लिए प्रशिक्षण हेतु पंजीकरण की सुविधा भी है। इसके अलावा एप में जानकारीपरक वीडियोज़ भी दिए गए हैं। एप के माध्यम से श्रमिक कल्याण की शासकीय योजनाओं के सम्बन्ध में भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। एप को निरन्तर विकसित किया जाता रहेगा। इससे समय के साथ यह श्रमिकों के लिए और उपयोगी बन जाएगा। श्रम विभाग के रोजगार जंक्शन पोर्टल व सेवा मित्र एप में मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से बहुआयामी सेवाएं उपलब्ध होंगी।

इनमें राज्य में वापस आये श्रमिकों सहित प्रदेश के सभी श्रमिकों को पंजीयन की सुविधा होगी। शासकीय विभागों व उपक्रमों,निजी प्रतिष्ठानों तथा व्यक्तिगत उपभोक्ताओं को दैनिक आवश्यकताओं हेतु श्रम शक्ति प्राप्त करने की सुविधा होगी। श्रमिकों का पंजीयन व सत्यापन भी किया जाएगा। इस पोर्टल और एप के माध्यम से विभिन्न जरूरतों के लिए आवश्यक कर्मकार एक ही पोर्टल पर उपलब्ध हो जाएंगे। बेहतर कर्मकारों के लिए शीघ्रता से उचित पारिश्रमिक प्राप्त करना सरल होगा।

निजी क्षेत्र को भी पुलिस प्रशासन द्वारा सत्यापित श्रमिक व कामगार उपलब्ध हो सकेंगे। जीपीएस के माध्यम से व्यक्तिगत उपभोक्ताओं को निकट उपलब्ध कर्मकार के सम्बन्ध में जानकारी मिल सकेगी। जनसुविधा केन्द्रों से भी प्रशिक्षित कामगारों की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। पोर्टल व एप पर कार्य की गुणवत्ता की ग्राहक द्वारा रेटिंग भी सम्भव है। एप के माध्यम से प्राप्त जाॅब्स के लिए किए गए भुगतान की गणना भी हो सकेगी। यह सभी सुविधाएं श्रमिकों व कामगारों के लिए उपयोगी साबित होंगी।

About Samar Saleel

Check Also

माफिया मुख्तार अंसारी की हार्ट अटैक से मौत, कई जिलों में बढ़ाई गई सुरक्षा, प्रदेश में धारा 144 लागू

लखनऊ। जेल में बंद सजायाफ्ता बाहुबली पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी का दिल का दौरा पड़ने ...