Breaking News

बांदा जेल से फरार कैदी अंदर ही छिपा मिला

बांदा। जेल से बंदी के फरार होने की सूचना से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा गया।साथ ही जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े हो गए। हालांकि 24 घंटे के अंदर ही जेल परिसर में छिपे कैदी को पकड़ लिया गया। पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बांदा जेल में चर्चित बाहुबली मुख्तार अंसारी भी बंद है। इसी जेल से 22 साल का विजय आरख के रविवार को फरार होने की खबर से जेल प्रशासन से लेकर पुलिस विभाग के आलाधिकारियों में खलबली मच गई थी। रविवार की रात फरार हुए बंदी को जेल के चप्पे चप्पे में तलाशा गया। इतना ही नहीं बांदा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को फरार कैदी के संभावित ठिकानों पर रवाना भी कर दिया गया लेकिन सोमवार को दोबारा की गई छानबीन में फरार कैदी जेल परिसर के अंदर ही पाया गया।

डीआईजी जेल प्रयागराज जोन संजीव कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार को कैदी के फरार होने की घटना पर वो जांच करने कारागार पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जेल परिसर में दोबारा खोजबीन शुरू करवाई। तभी उन्हें डिप्टी जेलर वीरेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि बंदी जेल परिसर में ही बरामद कर लिया गया है। श्री त्रिपाठी ने बताया कि बंदी कृषि फार्म की बगिया में घास के नीचे छिपा हुआ था।

डीआईजी जेल ने बताया कि फार्म की सफाई करते समय कैदी विजय ने एक बड़े बांस को देखा था। इसी बांस के सहारे उसने जेल से फरार होने की योजना बनाई थी। बैरक की छत पर चढ़कर बांस की सहायता से विजय सर्किल वाल में तो कूद गया लेकिन नीचे गिरने की वजह से उसे गंभीर चोट आ गईं। कारागार की मुख्य दीवार कूदने में असमर्थ पाकर पुलिस द्वारा पीटे जाने के डर से छिपा बैठा था।

About Samar Saleel

Check Also

कॉलोनाइजर ने सिंचाई विभाग की टीम को बनाया बंधक, जूतों से पीटा; अवैध पुलिया ढहाने के दौरान वारदात

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में रजवाहा पर अवैध पुलिया ढहाने गए सिंचाई विभाग के ...