Breaking News

यूपी दिवस पर तीन दिवसीय कार्यक्रम की शुरूआत

फ़िरोजाबाद। रविवार को गांधी पार्क में उत्तर प्रदेश दिवस व राष्ट्रीय बालिका दिवस पर तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों की केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टाॅल लगाकर लोगों को जानकारी दी गयी। सासंद डा. चंद्रसैन जादौन एवं मुख्य विकास अधिकारी चर्चित गौड़ ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया। विद्यालय की बालिकाओं द्वारा सरस्वती वन्दना व गायन एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देकर तथा स्वागत गान गाकर अतिथियों का स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि सासंद डा. चंद्रसैन जादौन ने कहा कि बडेे़ हर्ष का विषय है कि यूपी दिवस का आयोजन प्रदेश सरकार द्वारा कराया जा रहा है। उ.प्र. 18 मण्डल एवं 75 जिलों वाला एक विशाल प्रदेश है, जिसमें पूरे देश की सबसे ज्यादा आबादी निवास करती है। 24 जनवरी 1950 से पूर्व इसको यूनाइटेड प्रोविजन के नाम से जाना जाता था। 24 जनवरी 1950 को अवध क्षेत्र को मिलाकर उ.प्र. की स्थापना हुई थी।

उ.प्र. की सांस्कृतिक विरासत बहुत समृद्ध है। यहां की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल अन्य कही देखने को नही मिलती हैं। उ.प्र. वासियों के लिए गर्व की बात है कि हमें ऐसे कार्यक्रमों से अपने प्रदेश की संस्कृति से जुडने का मौका मिलता है। हमें सभी के समन्वय से अपने प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाना है।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि आज का दिन एक ऐतिहासिक दिन है। आज ही के दिन देश के हृदय स्थल कहे जाने वाले यूनाइटेड प्रोविजन को उत्तर प्रदेश के रूप में जाना गया था। जनपद में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा तमाम जन कल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाऐं आम लोगों के हित के लिए बनाई गयी है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गए स्टालों के माध्यम से जानकारियां हासिल करें, और अवसर का लाभ उठायें। उन्होने बताया कि कल मतदाता दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम तथा विभिन्न सांस्कृतिक, लोकगीत एवं जादू आदि कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएगें।

इस अवसर पर मत्स्य, कृषि, पशुपालन, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, समाज कल्याण, जिला नगरीय निकाय विकास अभिकरण (डूडा), श्रम विभाग, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय ग्रामीण आजिविका मिशन, नगर निगम, उद्योग, कौशल विकास, महिला कल्याण आदि द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी आम जनों को मुहैया कराई गयी, जिला सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा शासन की विभिन्न विकास योजनाओं से सम्बन्धित प्रचार-साहित्य का निशुल्क वितरण भी कराया गया। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं द्वारा काव्य पाठ, नृत्य एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की। कार्यक्रम के दौरान उप कृषि निदेशक हंसराज, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अनुपम राय, जिला उद्यान अधिकारी विनय कुमार यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक बालमुकुन्द, परियोजना निदेशक, बेसिक शिक्षाधिकारी, अरविन्द पाठक, पूर्व जिलाध्यक्ष अरविन्द पचैरी आदि उपस्थित रहें।

रिपोर्ट-मयंक शर्मा

About Samar Saleel

Check Also

कॉलोनाइजर ने सिंचाई विभाग की टीम को बनाया बंधक, जूतों से पीटा; अवैध पुलिया ढहाने के दौरान वारदात

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में रजवाहा पर अवैध पुलिया ढहाने गए सिंचाई विभाग के ...