Breaking News

गांधी जयंती के सुअवसर पर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में विभिन्न गतिविधियों का हुआ आयोजन

नए संकल्पों के साथ कार्यकलापों को किया गया संपन्न

लखनऊ। भारत के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के सुअवसर पर आज 02. अक्टूबर को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा मंडल के सभी छोटे बड़े स्टेशनों पर अनेक प्रकार के कार्यकलापों तथा गतिविधियों का आयोजन करते हुए इस दिवस विशेष को अत्यंत उत्साह से मनाते हुए महात्मा गांधी का स्मरण किया गया तथा उनको सादर नमन करके उनके प्रति अपने श्रद्धा सुमन समर्पित किये गये।

इस दिवस का विशेष आयोजन मंडल के लखनऊ स्थित, चारबाग रेलवे स्टेशन पर आयोजित किया गया। जहां मंडल रेल प्रबंधक, सुरेश कुमार सपरा ने अन्य अधिकारियों के साथ उपस्थित रहकर इस कार्यक्रम का प्रारंभ करते हुए सर्वप्रथम गांधी उद्यान में पहुंचकर महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण करके अपने श्रद्धा सुमन समर्पित किए तथा इस अवसर पर गांधी उद्यान में पौधरोपण भी किया। इसके उपरांत स्वच्छता की दिशा में कार्य करते हुए मंडल रेल प्रबंधक द्वारा अन्य अधिकारियों के साथ सामूहिक श्रमदान करते हुए साफ सफाई का कार्य किया गया। तदोपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने अन्य सभी के साथ प्रथम श्रेणी पोर्टिको में पहुंचकर महात्मा गांधी एवम लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर पुष्पार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा स्वच्छता पर आधारित नुक्कड़ नाटिका को देखा, जिसे मंडल की स्काउट एवं गाइड संस्था के द्वारा प्रस्तुत किया गया था।

कार्यक्रम के अगले चरण में मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन निदेशक के कक्ष में पहुंचकर अन्य अधिकारियों के साथ रेल संबधी अनेक महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की एवम रेलवे की गतिशील परियोजनाओं के विषय में वार्ता करते हुए अपने आवश्यक निर्देश पारित किए। इस वार्ता में मंडल रेल प्रबंधक ने महात्मा गांधी के महान कार्यों का उल्लेख करते हुए गांधीजी के सपनों के भारत को साकार रूप प्रदान करने हेतु नये संकल्पों के साथ कार्य करने की बात कही।इसके उपरांत मंडल रेल प्रबंधक ने गांधी पुस्तक मेला में पहुंचकर महात्मा गांधी तथा लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण करते हुए पुस्तक मेला का शुभारंभ किया।इस पुस्तक मेला का आयोजन चारबाग रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में 02.अक्टूबर से 15. अक्टूबर तक किया गया है।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, सुरेश कुमार सपरा ने अवगत कराया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी का विराट व्यक्तित्व एवम महान कृत्य सदैव एक ज्योति पुंज के समान प्रज्ज्वलित रहकर हम सभी का मार्गदर्शन करते हैं तथा हमारा परम कर्तव्य है कि हम गांधीजी के बताए मार्ग का अनुसरण करते हुए भारत की प्रतिष्ठा, समृद्धि, कीर्ति एवम ऐश्वर्य में निरंतर वृद्धि हेतु कृतसंकल्पित रहते हुए भारत को एक प्रबल और सुविधासंपन्न राष्ट्र बनाने की दिशा में अपना योगदान प्रदान करते हुए महात्मा गांधीजी के सपनों के भारत को साकार स्वरूप प्रदान करें। आज के इस आयोजन में रेल अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में निरीक्षक,पर्यवेक्षक तथा अन्य रेलकर्मी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट-दया शंकर चौधरी

About Samar Saleel

Check Also

बाह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- आप महात्मा गांधी की मुराद को पूरा कर रहे हैं

आगरा में तीसरे चरण में होने वाले मतदान को लेकर सियासी पारा गर्माया हुआ है। ...