Breaking News

जब निकाय चुनाव में हमारी पार्टी सत्ता में होगी तभी सरकार की योजनाएं धरातल पर उतर सकेंगी- भूपेन्द्र सिंह चौधरी

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी नगरीय निकाय के चुनाव को लेकर अपनी तैयारिया तेज कर दी है। शनिवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी की अध्यक्षता में नगर निकाय चुनाव को लेकर पार्टी के जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारियों सहित नगर निकाय चुनाव के लिए पार्टी द्वारा नियुक्त किए गए संयोजकों/प्रभारियों की बैठक सम्पन्न हुई। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बैठक में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों व प्रमुख नेताओं को नगर निकाय के चुनाव में पार्टी की अभूतपूर्व सफलता के लिए मार्गदर्शन किया व आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की।

पार्टी निकाय स्तर पर 14 व 15 अक्टूबर को बैठक करेगी। जबकि 16 व 17 अक्टूबर को वार्ड/शक्तिकेन्द्र स्तर पर बैठके आयोजित की जाएगी। नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत के चुनाव को लेकर अवध-कानपुर क्षेत्र, बृज व पश्चिम क्षेत्र और गोरखपुर व काशी क्षेत्र की सायंकाल अलग-अलग क्षेत्रशः बैठकें हुई।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन की सरकार की नीतियों का शत प्रतिशत लाभ जनता को तभी मिल सकता है जब निकायों में भाजपा की सरकार हो, यानि निकायों में भी एक बार फिर भाजपा की जीत का परचम फहरेगा तो हम और भी अधिक मजबूती से अपने काम और प्रभाव दोनो को बढ़ा सकेंगे।

श्री चौधरी ने कहा कि पिछले साल ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों और जिला पंचायतों में भाजपा ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। उसके बाद हुए विधानसभा 2022 के चुनावों में भी हम दोबारा चुनाव जीतकर आए हैं। अब नगर निकाय के चुनाव होने जा रहे हैं, हमें एक बार फिर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दोहराना है। यह इसलिए भी जरूरी है की नगर निकायों की स्थानीय सरकार में जब हमारी पार्टी सत्ता में होगी तो केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं जमीन पर उतर सकेंगी, आम लोगों के लिए हम और भी अच्छे ढंग से जनकल्याणकारी और विकास के कार्य कर सकेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि नगर निकाय के चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी का चहुओर विस्तार हुआ है। आज पार्टी सर्वस्पर्शी, सर्वव्यापी, सर्वसमावेशी और सर्वग्राही बन गई है। ऐसे में हम सब की जिम्मेदारी है कि नगरीय निकाय चुनावों में पार्टी के नए पुराने सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट कर चुनाव में सक्रिय करते हुए पार्षद से लेकर नगर पंचायत व पालिका के अध्यक्षों और महापौर के पद पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ पार्टी द्वारा तय की गई कार्ययोजना के अनुसार नगर निकाय चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए कार्य करना है। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, महिलाओं को सुरक्षा, बेहतर कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ, किसान कल्याण के लिए लागू की गई योजनाओं सहित समाज के सभी वर्गों के लिए भाजपा सरकार द्वारा किए गए कार्यों के कारण जन-जन का समर्थन भाजपा को मिल रहा है।

विपक्ष को कमजोर नहीं समझना है, पूरी तैयारी के साथ चुनाव लड़ना है – केशव प्रसाद मौर्य 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस हताशा व निराशा के गर्त में डूबे हुए है फिर भी हमें विपक्ष को कमजोर नहीं समझना है और पूरी तैयारी तथा मेहनत के साथ नगरीय निकाय चुनाव लड़ना है। उन्होंने बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि आप सभी के अनुभव और परिश्रम के से भाजपा ने बहुत चुनाव लड़े और जीते है। हमें नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत के अध्यक्ष व सभी पार्षदों की सुनिश्चित विजय के संकल्प के साथ चुनाव की तैयारी में जुटना है। प्रदेश के मतदाता भाजपा के साथ हैं हमें मतदाताओं से सम्पर्क और उन्हें मतदान केन्द्र तक पहुंचाने का काम करना है। उन्होंने विभिन्न सामाजिक संगठनों व गणमान्य जनों को भी योजनापूर्वक पार्टी से जोड़कर नगर निकाय के चुनाव में पार्टी की जीत के संकल्प के साथ सक्रिय करने पर जोर दिया।

पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम व समर्पण से एक बडी़ जीत के साथ प्रदेश में नया इतिहास लिखेगी- ब्रजेश पाठक 

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता अपने परिश्रम से प्रदेश में विजय की परम्परा प्रारम्भ कर चुका है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के मतदाताओं से सतत् संवाद व सम्पर्क ने भाजपा को जन-जन की पार्टी बनाया है।

उन्होंने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनाव की चुनौति फिर हमारे सामने है। पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम व समर्पण से एक बडी़ जीत के साथ प्रदेश में नया इतिहास लिखेगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार व अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ प्रदेश के मतदाता पूर्णरूपेण भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मतदाताओं ने तय कर लिया है कि सपा-बसपा व कांग्रेस सहित पूरा विपक्ष भी अगर एक साथ मिलकर चुनाव लडे़ तब भी कमल खिलाना है।

नगर निकाय के चुनाव में “बूथ जीता-चुनाव जीता” के मंत्र के साथ सबको कार्य करना होगा- धर्मपाल सिंह

पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने नगर निकाय के आगामी चुनाव को लेकर पार्टी संगठन द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। उन्होंने कहा निकाय चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए हम सबको मिलकर मतदाता पुनरीक्षण अभियान में सक्रियता पूर्वक कार्य करना होगा। मतदाता सूची में नाम बढाने के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी की योजनानुसार घर-घर सम्पर्क अभियान चलाने को कहा।

उन्होंने कहा नगर निकाय के चुनाव में सफलता के लिए बूथ स्तर तक कार्ययोजना बनाकर कार्य करना होगा। वार्ड व बूथ स्तर पर पार्टी के नए पुराने कार्यकर्ताओं, मोर्चा, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी की सूची बनाकर उन्हें निकाय चुनाव में योजनापूर्वक सक्रिय करना होगा। प्रदेश महामंत्री संगठन ने कहा कि लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तरह ही नगर निकाय के चुनाव में भी बूथ जीता-चुनाव जीता के मंत्र के साथ हम सब को कार्य करना है। बैठक में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रदेश महामंत्री व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने प्रस्तावना रखी। संचालन प्रदेश मंत्री त्रयम्बक त्रिपाठी ने किया।

About Samar Saleel

Check Also

सनातन की ज्योत जगाने आया ‘सनातन वर्ल्ड’ यूट्यूब चैनल’

मुंबई। सनातन वर्ल्ड’ यूट्यूब चैनल (Sanatan World YouTube channel) सत्य सनातन हिन्दू धर्म के मूल ...