Breaking News

योगी ने आपातकाल को बनाया मुद्दा

योगी आदित्यनाथ ने बिहार चुनाव में आपातकाल को भी मुद्दा बना दिया है। चुनावी जनसभा में उन्होंने कि कांग्रेस गठबंधन की महाराष्ट्र सरकार ने अघोषित आपातकाल लागू किया है। इसके अंतर्गत प्रजातन्त्र के चौथे स्तम्भ को उत्पीड़ित किया जा रहा है। कांग्रेस की केंद्र सरकार ने देश में आपातकाल घोषित किया था। तब प्रजातन्त्र और नागरिकों के अधिकार समाप्त कर दिए थे। एक बार फिर यही परिदृश्य महाराष्ट्र में दिखाई दे रहा है। यह कांग्रेस के समर्थन का साइड एफेक्ट है।

योगी आदित्यनाथ ने मधुबनी और कटिहार की चुनावी रैली पत्रकार अर्णव गोस्वामी का मुद्दा उठाया। उन्होंने इस मामले को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र का गला घोंटती है। पहले उसने देश पर आपातकाल थोपा था।अब देश के एक बड़े पत्रकार को केवल अपनी स्‍वयं की तुष्टि के लिए गिरफ्तार कर लिया। कांग्रेस लोकतंत्र के चौथे स्‍तम्‍भ पर हमला कर रही है। वरिष्ठ पत्रकार अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तार कर कांग्रेस ने अभिव्यक्ति की आजादी पर प्रहार किया है। कांग्रेस अपनी नाकामी को छिपाने के लिए देश में अराजकता पैदा कर रही है। कांग्रेस को देश पर पांच दशक से अधिक समय तक शासन करने का मौका मिला। लोकतंत्र का गला घोंटने का उसका पुराना इतिहास रहा है। उसने देश पर इमरजेंसी थोप दी थी। देश में इमरजेंसी थोपने औऱ सच्चाई का सामना करने से हमेशा मुंह छुपाने वाली कांग्रेस पुनः प्रजातंत्र का गला घोंटने का प्रयास कर रही है।

उन्‍होंने कहा कि जनता को देश में अराजकता पैदा करने की छूट किसी को नहीं देनी चाहिए। कांग्रेस समर्थित महाराष्ट्र सरकार का यह कृत्य लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ मीडिया को स्वतंत्र रूप से कार्य करने से रोकने का कुत्सित प्रयास है। योगी ने कहा कि बिहार में एनडीए की सरकार बनने पर विदेशी घुसपैठिये को निकाल बाहर करेंगे। बिहारवासी एनडीए को आशीर्वाद दें तो इस घुसपैठ की समस्या का समाधान होगा। उन्होंने दावा किया कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी। बिहार में एक बार फिर विकास और सुशासन की सरकार बनेगी। कांग्रेस और राजद को परिवार की चिंता है। आमजन की उन्हें कोई चिंता नहीं है। यही कारण है कि उनके शासन में गरीबों तक सौ में से मात्र पन्द्रह पैसे पहुंचते थे। नरेंद्र मोदी ने इस बंदरबांट को बंद कराया। अब सौ में से सौ पैसे गरीबों तक पहुंच रहे है।

केन्द्र सरकार गरीब उत्थान व राष्ट्र कल्याण के कार्यों में लगी है। मोदी सरकार ने तीन तलाक खत्म कर नारी गरिमा स्थापित की। सर्जिकल स्ट्राइक कर पाकिस्तान को सबक सिखाया। अनुच्छेद तीन सौ सत्तर हटाकर एक निशान,एक संविधान लागू कराया। राम मंदिर निर्माण का शिलान्यास कराकर पांच सौ वर्षों का इंतजार खत्म कराया और अयोध्या में मंदिर निर्माण कार्य शुरू कराया। करोड़ों लोगों को मकान शौचालय रोजगार,रसोई गैस आदि उपलब्ध कराया। नरेंद्र मोदी की मजबूत सरकार ने दस करोड़ से भी अधिक गरीब परिवारों को व्यक्तिगत शौचालय सुलभ कराया गया है। गरीब परिवारों को तीन करोड़ से भी अधिक आवास,चार करोड़ से अधिक विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराए हैं। आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत पचास करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा की सुविधा दी गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अन्तर्गत देश के बारह करोड़ किसानों को लाभान्वित किया गया है।

डॉ. दिलीप अग्निहोत्री
डॉ. दिलीप अग्निहोत्री

About Samar Saleel

Check Also

मंडल रेल प्रबंधक ने लखनऊ-सुलतानपुर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग करते हुए उतरेटिया एवं सुलतानपुर स्टेशन का निरीक्षण किया 

लखनऊ। मंडल रेल प्रबंधक एसएम शर्मा ने आज मण्डल के अधिकारियों के साथ लखनऊ-सुलतानपुर रेलखंड ...